Nagaur: दया की मांगता रहा भीख, लेकिन आरोपी मारते रहे कोड़े; पुलिस का आरोप 'प्रेमिका से मिलने आया था'; जानें
Nagore: डीडवाना–कुचामन के पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने फोन पर बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक अपने साथियों के साथ नशे की हालत में प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन गलती से वह प्रेमिका की मां के पास पहुंच गया। इसी कारण लोगों ने पकड़कर मारपीट की।
विस्तार
नागौर के मकराना उपखंड के गच्छीपुरा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। आरोप है कि चार–पांच लोगों ने मिलकर युवक के कपड़े उतरवाए और उसे पेड़ से बांधकर कोड़े मारे। युवक लगातार रहम की गुहार करता रहा, लेकिन हमलावर नहीं रुके।
पीड़ित की मां ने मौके पर पहुंचकर बेटे को छुड़ाया और गच्छीपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। मगर हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित युवक को ही शांति भंग के आरोप में थाने में बैठा लिया।
पीड़ित युवक राकेश पुत्र चेनाराम निवासी मनाना ने बताया कि उसकी पत्नी की हाल ही में डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत हो गई थी। वह 6 जून को अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने मकराना गया था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे जबरन पास के खेत की ढाणी में ले गए। वहां पेड़ से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की गई।
राकेश का आरोप है कि पुलिस ने मौके से उसे थाने ले जाकर सिर्फ एक इंजेक्शन लगवाया और दो गोलियां दीं, फिर वापस थाने में बैठा दिया। उसने जब रिपोर्ट लिखवानी चाही तो थानाधिकारी ने कागज फाड़ दिए और दो खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।
पढ़ें: पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा 24 जून से 9 जुलाई तक, सीएम भजनलाल शर्मा की बड़ी पहल
पीड़ित की मां भंवरी ने बताया कि उन्हें रात में फोन कर धमकी दी गई कि उनके बेटे को मारा जाएगा। जब वह रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचीं तो वहां युवक के साथ मारपीट हो रही थी। उन्होंने विरोध किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। पुलिस को बुलाया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस का पक्ष
डीडवाना–कुचामन के पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने फोन पर बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक अपने साथियों के साथ नशे की हालत में प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन गलती से वह प्रेमिका की मां के पास पहुंच गया। इसी कारण लोगों ने पकड़कर मारपीट की। पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही युवक के खिलाफ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।