राजस्थान: JNVU में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बवाल, एबीवीपी और पुलिस में तीखी झड़प; कुलपति को बुलाने पर अड़े
Rajasthan: जोधपुर के जेएनवीयू में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कार्यालय के मुख्य द्वार बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति से वार्ता, नियमित चुनाव, नियुक्तियां और समान अकादमिक कैलेंडर की मांग उठाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प व धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के दोनों मुख्य द्वार अंदर से बंद कर दिए, जिससे अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग परिसर के भीतर ही फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कुलपति को मौके पर बुलाकर सीधे वार्ता की मांग की। जब कार्यवाहक रजिस्ट्रार छात्रों से बातचीत के लिए पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों ने उनसे चर्चा करने से इनकार कर दिया।
पढे़ं: दिल्ली में सीएम भजनलाल शर्मा की अमित शाह से मुलाकात, मानसून सत्र से पहले रणनीति पर मंथन
एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनावों की तत्काल बहाली की मांग करते हुए कहा कि चुनाव स्थगित रहने से लोकतांत्रिक परंपराएं प्रभावित हो रही हैं और छात्र अपने प्रतिनिधियों के चयन के अधिकार से वंचित हो रहे हैं। परिषद ने प्रत्येक वर्ष नियमित छात्रसंघ चुनाव कराने, सभी सरकारी विश्वविद्यालयों के लिए समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ शैक्षणिक सत्र, परीक्षाएं और परिणाम समय पर कराने की मांग उठाई।
इसके अलावा, विश्वविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां, सभी राजकीय महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति तथा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की भर्ती की मांग भी रखी गई।