Sirohi: गुजरात जा रही बस में सोना-चांदी और नकदी की खेप, आबूरोड रीको पुलिस ने आरोपी दबोचा
सिरोही के आबूरोड रीको थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेवल्स बस से अवैध रूप से ले जाए जा रहे करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सीमावर्ती मावल चौकी पर नाकाबंदी कर गुजरात की ओर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी दौरान सिरोही की ओर से आ रही एक ट्रेवल्स बस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस में सवार गोल (पुलिस थाना बरलूट, जिला सिरोही), हाल निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के चंदूलाल पुत्र जैसाजी सैन के बैग से 513 ग्राम सोना, 1 किलो 390 ग्राम चांदी तथा 2 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपी इन जेवरात एवं नकदी से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने सोना-चांदी के जेवरात और नकदी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें: 'तुम बीमारी हो' बयान से भड़की छात्राएं, मीरा गर्ल्स कॉलेज में बवाल; प्रिंसिपल को चैंबर में किया बंद
हवाला एंगल से भी जांच
थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चंपावत ने बताया कि जब्त जेवरात और नकदी कहीं हवाला के जरिए सप्लाई तो नहीं की जा रही थी, इस एंगल से भी जांच की जा रही है। मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक विक्रमसिंह, कांस्टेबल प्रकाश कुमार, मालदेव और प्रवीणसिंह शामिल रहे। पुलिस का मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।