Honey Trap: डिनर के लिए बुलाता पति, फिर पत्नी नजदीकियां बढ़ा बना लेती अश्लील वीडियो, दंपती सहित तीन गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मुंबई में हनीट्रैप के केस देखे। उसके बाद वह उदयपुर आया और व्यापारी और कारोबारियों को फंसाने लगा। पुलिस ने दंपती सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है।

विस्तार
उदयपुर के अंबामाता थाना पुलिस ने हनी ट्रैप के मामले में दंपती और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक व्यापारियों को लंच या डिनर के बहाने अपने घर पर बुलाता। फिर पत्नी और परिचित महिला से दोस्ती करवाता। उसके बाद दोनों महिलाएं व्यापारियों से नजदीकियां बढ़ाती और युवक अश्लील फोटो और वीडियो बना लेता था। उसके बाद ब्लैकमेल कर पैसे वसूलता था।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार कटारा पालड़ी के लोकेश पुत्र किशनलाल सुथार ने कुंभलगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि मझेरा दमाणा निवासी देवीसिंह पुत्र हेम सिंह, इसकी पत्नी अणछी बाई और बसंती नाम की महिला ने उसे हनीट्रैप में फंसा लिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अणछी पत्नी देवीसिंह, देवीसिंह पुत्र हेम सिंह और कुंभलगढ़ में ही बलावणों की भागल निवासी बसंती पत्नी शंकरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहले देवीसिंह मुंबई में टैक्सी चलाता था। उसने वहां हनी ट्रैप के ऐसे मामला देखे। जिसके बाद मुंबई से उदयपुर लौट आया और व्यापारियों से दोस्ती कर उन्हें फंसाता। पहले तो खुद पैसे लेता। उसके बाद वो वीडियो मुंबई के सरगना को भेज देता था। वह भी पीड़ित को ब्लैकमेल कर पैसे लेता था।