Cyber Fraud: हिमाचल में साइबर ठगी के 585 केस, तीन साल में शातिरों ने ठगे 1.50 अरब, सीएम ने दी जानकारी
डिजिटल फ्राॅड के सबसे अधिक 59 मामले जिला कांगड़ा में दर्ज हुए। शनिवार को प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने को सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में बीते तीन साल के दौरान साइबर ठगी के 585 मामले दर्ज हुए हैं। एक अरब 50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने 258 आरोपी गिरफ्तार किए और 10.25 करोड़ रुपये की बरामदगी की है। डिजिटल फ्राॅड के सबसे अधिक 59 मामले जिला कांगड़ा में दर्ज हुए। शनिवार को प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने को सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
डिजिटल धोखाधड़ी से निपटने के लिए प्रदेश के 146 पुलिस थानों में साइबर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। आठ अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 29 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 585 मामले तो दर्ज हुए हैं। कई मामलों में लोग शिकायत भी दर्ज नहीं करवाते। पुलिस जिला बद्दी में 58, सोलन में 41, मंडी में 30, किन्नौर में 28, सिरमौर में 25, शिमला में 17, ऊना में 13, पुलिस जिला नूरपुर में 12, चंबा और कुल्लू में 10-10, पुलिस जिला देहरा में 8, हमीरपुर में 7 और लाहौल-स्पीति में 4 मामले दर्ज हुए हैं।
एक मामला बिलासपुर जिला में दर्ज किया गया है। तीन साइबर क्राइम पुलिस थानों में ही डिजिटल फ्रॉड के 262 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी में 100, धर्मशाला और शिमला में 81-81 मामले दर्ज किए गए हैं। उन्हाेंने कहा कि कुछ मामलों में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत या लापरवाही भी सामने आई है। ऐसे मामलों में चार बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। ठगी की रकम के मामले में साइबर पुलिस स्टेशन शिमला के अंतर्गत सबसे ज्यादा 55 करोड़ 62 लाख 12 हजार 20 रुपये की ठगी दर्ज की गई है।
साइबर पुलिस स्टेशन मंडी में 33 करोड़ 64 लाख 32 हजार 848 रुपये और साइबर पुलिस स्टेशन धर्मशाला में 25 करोड़ 91 लाख 98 हजार 466 रुपये की ठगी दर्ज है। चंबा जिले में 12 करोड़ 95 लाख 86 हजार 902 रुपये, सोलन में 4 करोड़ 90 लाख 95 हजार 219 रुपये, पुलिस जिला बद्दी में 3 करोड़ 68 लाख 94 हजार 122 रुपये, कांगड़ा में 2 करोड़ 60 लाख 16 हजार 406 रुपये, सिरमौर में 2 करोड़ 30 लाख 9 हजार 634 रुपये और मंडी जिले में 2 करोड़ 28 लाख 26 हजार 271 रुपये की ठगी सामने आई है। बिलासपुर जिले में सबसे कम 14 लाख 90 हजार रुपये की ठगी दर्ज की गई है।
किस जिला में कितनी गिरफ्तारी
गिरफ्तारियों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार चंबा में 15, कांगड़ा में 28, लाहौल-स्पीति में 4, मंडी में 2, सोलन में 20, सिरमौर में 24, किन्नौर में 19, पुलिस जिला बद्दी में 29, पुलिस जिला नूरपुर में 1, साइबर पुलिस स्टेशन शिमला में 11, साइबर पुलिस स्टेशन मंडी में 49 और साइबर पुलिस स्टेशन धर्मशाला में 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।