Shimla: होटल होलिडे होम से रेलवे पार्किंग तक बनेगा 841 मीटर लंबा केबल स्टेड ब्रिज, शहर को मिलेगा ये फायदा
एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वित्तपोषण से प्रस्तावित 2,200 करोड़ रुपये की यातायात सुधार परियोजना के तहत सुरंगों, एमएलए क्रॉसिंग और चक्कर बाइफरकेशन फ्लाईओवर के बाद केबल-स्टे ब्रिज को प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए 2,200 करोड़ रुपये की परियोजना से होटल हॉली डे होम से रेलवे पार्किंग तक 841 मीटर लंबा केबल-स्टे ब्रिज बनेगा। यह पुल पुराने बस अड्डे और लिफ्ट पार्किंग क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रस्तावित पुल अर्धगोलाकार (सेमी-सर्कुलर) डिजाइन में बनाया जाएगा। इसमें लगभग 500 मीटर हिस्सा केबल-स्टे ब्रिज होगा जबकि शेष करीब 341 मीटर हिस्सा पिलरों के माध्यम से रेलवे पार्किंग से जुड़ेगा। पुल के लिए कृष्णा नगर और लालपानी क्षेत्र की ओर पांच से छह पिलर प्रस्तावित हैं। निर्माण की जद में आने वाली भूमि का प्रारंभिक आकलन किया जा चुका है। हालांकि परियोजना की वास्तविक लागत का पता विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद ही चल सकेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीआरआईडीसी) को सौंपी है।
2,200 करोड़ रुपये की यातायात सुधार परियोजना
एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वित्तपोषण से प्रस्तावित 2,200 करोड़ रुपये की यातायात सुधार परियोजना के तहत सुरंगों, एमएलए क्रॉसिंग और चक्कर बाइफरकेशन फ्लाईओवर के बाद केबल-स्टे ब्रिज को प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल किया है। इसके लिए एचपीआरआईडीसी जल्द ही एक कंसल्टेंसी एजेंसी नियुक्त करेगा जो डीपीआर तैयार करेगी। एचपीआरआईडीसी ने कार्ट रोड पर यातायात के दबाव, रोजाना गुजरने वाले वाहनों की संख्या और जाम की स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया है। इस अध्ययन के आधार पर केबल-स्टे ब्रिज का प्रस्ताव तैयार किया है। विभाग के इंजीनियर प्रारंभिक सर्वे भी पूरा कर चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार केबल-स्टे ब्रिज के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रारंभिक सर्वे पूरा होने के बाद अब डीपीआर तैयार करने के लिए सरकार की मंजूरी हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा।

ऐसे घटेगा जाम
रेलवे पार्किंग से होटल हॉली डे होम के समीप खुले मोड़ तक बनने वाले इस केबल-स्टे ब्रिज के तैयार होने के बाद चंडीगढ़ और लोअर हिमाचल की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को पुराने बस अड्डे और लिफ्ट पार्किंग के पास लगने वाले रोजाना के जाम से राहत मिलेगी। संजौली, छोटा शिमला और कसुम्पटी की ओर जाने वाले वाहन सीधे नए पुल का उपयोग कर सकेंगे। इसके बाद पुराने बस अड्डे से होटल हॉली डे होम तक मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा। इस हिस्से में मुख्य रूप से शहर के भीतर संचालित होने वाली बसें और पर्यटकों के वाहन ही चलेंगे, जिससे ट्रैफिक सुचारु रहेगा और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।