Himachal JBT Recruitment: जेबीटी भर्ती में सीबीटी के लिए रफ शीट और पेन भी नहीं ले जा सकेंगे अभ्यर्थी
राज्य चयन आयोग (एचपीआरए) की ओर से जेबीटी के 600 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरए) की ओर से जेबीटी के 600 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थी अपना पेन या रफ शीट नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा आयोजित करने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी ही परीक्षा कक्ष में पेन और रफ शीट मुहैया करवाएगी, जिसे परीक्षा खत्म होने के बाद वापस जमा करना अनिवार्य होगा। राज्य चयन आयोग 25 से 27 फरवरी तक प्रदेश भर के 19 केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन कर रहा है। जेबीटी भर्ती के लिए कुल 17,181 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मंडी में सर्वाधिक 106 पद, जॉब ट्रेनी पॉलिसी के तहत होगी भर्ती
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 16 फरवरी से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग ने परीक्षार्थियों का संशय दूर करने के लिए एडमिट कार्ड के साथ 18 सवालों की एक विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है। गौरतलब है कि इस सीबीटी में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी और परीक्षा प्रतिदिन तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने परीक्षार्थियों का संशय दूर करने के लिए एडमिट कार्ड के साथ 18 सवालों की एक विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है। गौरतलब है कि इस सीबीटी में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी और परीक्षा प्रतिदिन तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। यह भर्ती जॉब ट्रेनी पॉलिसी के तहत जिलावार की जा रही है। कुल 600 पदों में से सबसे अधिक 106 पद मंडी जिले के लिए आवंटित हैं। इसके अलावा कांगड़ा में 102, शिमला में 76, सिरमौर में 57, सोलन में 56, चंबा में 54, ऊना में 41, बिलासपुर में 34, कुल्लू में 30, हमीरपुर में 28, लाहौल-स्पीति में 11 और किन्नौर में 5 पद भरे जाएंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए आयोग ने विस्तृत गाइडलाइन पहले ही तय कर दी है। एडमिट कार्ड डाउनलोड लिंक के साथ यह जानकारी इसलिए साझा की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र पर किसी तरह का संशय या परेशानी का सामना न करना पड़े। -डॉ. विक्रम महाजन, सचिव, राज्य चयन आयोग