HP Snowfall: सीएम सुक्खू ने आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने बर्फबारी के कारण कुछ क्षेत्रों में प्रभावित आवश्यक सेवाओं को तुरंत बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी के दृष्टिगत जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बर्फबारी के कारण कुछ क्षेत्रों में प्रभावित आवश्यक सेवाओं को तुरंत बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल और अन्य जरूरी जन सेवाओं को प्रदान करने वाले संस्थानों के मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर यातायात के लिए बहाल किया जाए।
बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मी तथा मशीनरी तैनात की जाए। सुक्खू ने प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत और जलापूर्ति योजनाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे जरूरतमंद लोगों को आवश्यक मदद प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम व विभाग को बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्नों की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा -निर्देशों का सक्रिय रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान-बागवानों को वर्षा और बर्फबारी होने से राहत मिली है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। उन्होंने पर्यटकों का हिमाचल में स्वागत करते हुए कहा कि बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रदेश सरकार ने जलवायु परिवर्तन के कारणों के अध्ययन के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
बर्फबारी में भी राज्य सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री
बर्फबारी के बीच भी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को राज्य सचिवालय पहुंचे। बर्फबारी के बीच ओकओवर से सचिवालय तक वह गाड़ी में पहुंचे। उन्होंने सचिवालय पहुंचकर दैनिक कामकाज निपटाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बर्फबारी से लोगों को हो रही समस्या का तुरंत निपटारा करें।