Himachal CM Sukhu Birthday: नाटी की तान पर झूमे मुख्यमंत्री, ओकओवर में ड्रोन से हुई फूलों की बारिश
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज अपना 62वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर में समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को अपने 62वें जन्मदिन पर शिमला स्थित सरकारी आवास ओकओवर में समर्थकों के साथ नाटी डाली। इस दौरान ड्रोन से फूलों की बारिश भी हुई। मुख्यमंत्री ने पत्नी कमलेश ठाकुर और समर्थकों सहित 62 किलो का चार मंजिला केक काटा। चिनार का पौधा रोपकर हरित क्षेत्र बढ़ाने का संदेश दिया।
इस दौरान ओकओवर में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पांरपरिक वाद्य यंत्रों की तान पर सुबह से देर शाम तक नाटियों का दौर चला। कांग्रेस नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और आम जनता ने सीएम को बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर सहित कई भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को बधाई संदेश दिए। सीएम सुक्खू ने जन्मदिन पर बधाई देने के लिए सभी का आभार जताया।
कुछ और कड़े फैसले होंगे, बिजली सस्ती होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई-अगस्त से बहुत तेजी से प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। आने वाले समय में कुछ और कठिन फैसले होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिजली बोर्ड को अपने खजाने से 2500 करोड़ सब्सिडी के लिए देती थी। सरकार ने इस व्यवस्था में सुधार लाया है। अब 1200 करोड़ की सब्सिडी बिजली बोर्ड को सरकारी खजाने से जाती है। इस खर्च को 800 से 1000 करोड़ रुपये पहुंचाने के लिए प्रयास हो रहे हैं। आने वाले समय में बिजली और सस्ती होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.