Himachal Weather: हिमाचल में माैसम ने बदली करवट, कई भागों में लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शनिवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। सुबह के समय आसमान साफ था। शनिवार को दोपहर बाद घने बादल आने से मौसम बदला तथा तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में माैसम ने करवट बदली है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शनिवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। सुबह के समय आसमान साफ था। शनिवार को दोपहर बाद घने बादल आने से मौसम बदला तथा तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। चंद्रभागा की ऊंची पहाड़ियों सहित घेपन पीक, शिगरी ग्लेशियर, कुंजम पास और शिति नाला की लद्दाखी पीक, फ्रेंडशिप पीक, सेवन सिस्टर्स पीक पर भी बर्फ गिरने की सूचना है। तापमान गिरने से लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकाल लिए हैं। बीआरओ ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से कोकसर की ओर सड़क से बर्फ हटाने का कार्य आरंभ कर दिया है। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 5-14 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
उधर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन जिले में 8 मार्च के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दाैरान ऊंची चोटियों व आसपास के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। ऊंचे क्षेत्रों में तापमान में धीरे-धीरे 2-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
जानें कब-कब होगी बारिश और बर्फबारी
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7, 9 और 10 मार्च को राज्य के ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 11 से 13 मार्च तक राज्य के उच्च पर्वतीय और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जबकि निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। 8 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 12.7, सुंदरनगर 13.6, भुंतर 10.8, कल्पा 5.6, धर्मशाला 11.7, ऊना 14.0, नाहन 12.6, केलांग 3.8, पालमपुर 14.0, सोलन 10.0, मनाली 9.4, कांगड़ा 16.1, मंडी 13.7, बिलासपुर 13.5, जुब्बड़हट्टी 15.2, कुफरी 10.9, कुकुमसेरी 2.4, सेऊबाग 10.2, कसाैली 14.7, पांवटा साहिब 17.0, सराहन 7.6, देहरा गोपीपुर 17.0, ताबो 1.8 व नेरी में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।