Himachal Weather: मार्च में अभी तक सामान्य से 13 फीसदी कम बरसे बादल, राज्य में इतने दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
1 से 25 मार्च तक की अवधि के लिए 97.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 84.8 मिलीमीटर बारिश ही हुई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मार्च में अभी तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। 1 से 25 मार्च तक की अवधि के लिए 97.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 84.8 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। चंबा जिले में सामान्य से 33, कांगड़ा 19, किन्नाैर 26 व लाहाैल-स्पीति में 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। जबकि बिलासपुर में सामान्य से 36, हमीरपुर 25, कुल्लू 26, मंडी 52, शिमला 17, सिरमाैर 17, सोलन 44 व ऊना में 45 फीसदी अधिक बारिश हुई। उधर, माैसम विभाग के अनुसार राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम फिर करवट बदलेगा। राज्य के कई भागों में छह दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान जोगिंद्रनगर में 7.0, धर्मशाला 5.1, मंडी 2.8, बग्गी 2.3, रायपुर मैदान 1.0, सुंदरनगर 0.2 व बरठीं में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2, सुंदरनगर 9.6, भुंतर 6.6, कल्पा 2.6, धर्मशाला 6.2, ऊना 12.5, नाहन 11.0, पालमपुर 10.0, सोलन 8.2, मनाली 3.9, कांगड़ा 12.4, बिलासपुर 12.5, जुब्बड़हट्टी 10.0, कुफरी 5.1, कुकुमसेरी -0.3, बरठीं 10.7, कसाैली 10.3, पांवटा साहिब 17.0, सराहन 8.1, देहरागोपीपुर 16.0, ताबो -1.3 व नेरी में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
फिर बिगड़ेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर 25, 26 और 27 मार्च को हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। जबकि एक और पश्चिमी विक्षोभ के 28 मार्च की रात से सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ स्थानों पर 28 और 31 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। राज्य के कई स्थानों पर 29 और 30 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी। 26, 28 व 29 मार्च को कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। राज्य के कई हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।