Himachal Weather: अटल टनल सहित चोटियों पर बर्फबारी, कई जिलों में ओलावृष्टि से सेब, गेहूं और मटर को नुकसान
शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब, गेहूं, मटर और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।
विस्तार
अटल टनल रोहतांग सहित प्रदेश की चोटियों पर सोमवार को बर्फबारी हुई। शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब, गेहूं, मटर और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। हिमाचल में मंगलवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पांच अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। चंबा में बारिश से 61 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से 300 गांवों में ब्लैकआउट छा गया। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से सुबह और शाम मौसम में फिर ठंडक लौट आई है।
नारकंडा सहित कुमारसैन में ओलावृष्टि का कहर
सोमवार दोपहर बाद नारकंडा सहित कुमारसैन उपमंडल की चार पंचायतों में ओलावृष्टि ने कहर बरपाया। ओलावृष्टि से सेब बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। नगर पंचायत नारकंडा सहित क्षेत्र की ग्राम पंचायत जार, करेवथी और मलैंडी सहित आसपास के कई क्षेत्रों में तेज ओलावृष्टि के कारण बागवानों की मेहनत पर पानी फिर गया। रामपुर, ठियोग, रोहड़ू, आनी में बारिश हुई। जिला कांगड़ा में सोमवार दोपहर 1 से 2 बजे के बीच तेज बारिश हुई, जिसके साथ तेज हवाएं भी चलीं। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और तूफान के चलते गेहूं और आम समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है। खराब मौसम के कारण गगल एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली एक उड़ान भी रद्द करनी पड़ी।
अटल टनल में बर्फबारी, रोकी वाहनों की आवाजाही
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भारी बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा समेत अन्य ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी का दौर जारी है जबकि मनाली और आसपास के इलाकों में बारिश होने से ठंडक का अहसास हो रहा है। पुलिस ने पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवाजरी जारी की है। पुलिस ने वाहनों को सोलंग बैरियर से आगे जाने पर रोक लगा दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक हो तभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा करें और ऐसे में केवल फोर बाई फोर वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही, मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें। सैंज घाटी के शैंशर और देहुरीधार पंचायतों में ओलावृष्टि हुई। ओले गिरने से प्लम के साथ नाशपाती, गोभी, मटर सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।
सराज में ओलावृष्टि से भारी नुकसान
जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में भी तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया। शिकारी देवी, शैटाधार और तुंगासीगढ़ में ओलावृष्टि के साथ बर्फ के फाहे भी गिरे। इससे तापमान में गिरावट आई। सराज की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में ओलों की मार से मटर, सेब और प्लम की फसल तबाह हो गई है। पूरा क्षेत्र ओलों से ढक गया, जिससे किसानों और बागवानों को लाखों का नुकसान होने का अनुमान है। उधर, रविवार रात को कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.0, केलांग में 1.5, कुकुमसेरी में 5.2, ताबो में 2.0, शिमला में 11.8, धर्मशाला में 9.5, ऊना-नाहन में 15.3, मनाली में 7.1, कांगड़ा में 15.2, मंडी में 13.3 और बिलासपुर में 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 29.2
कांगड़ा 28.4
मंडी 27.6
नाहन 25.1
सोलन 24.5
धर्मशाला 21.0
चंबा 18.6
कल्पा 18.1
मनाली 18.0
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.