HP TET 2026: स्कूल शिक्षा बोर्ड 10 विषयों के लिए आयोजित करेगा अध्यापक पात्रता परीक्षा, शेड्यूल जारी
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून 2026 में आयोजित होने वाली 10 विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का शेड्यूल जारी कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून 2026 में आयोजित होने वाली 10 विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी 30 अप्रैल से 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन स्पेशल एजुकेटर प्री प्राइमरी से कक्षा 5, स्पेशल एजुकेटर छठी कक्षा से 12वीं कक्षा, टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, जेबीटी, टीजीटी संस्कृत, पंजाबी, उर्दु, टीजीटी नॉन मेडिकल और टीजीटी हिंदी विषय के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन होगा।
परीक्षाएं 7 से 21 जून, 2026 तक होंगी
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 7 से 21 जून, 2026 तक आयोजित की जाएंगी। उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र परीक्षा से चार दिन पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। आवेदनकर्ताओं को प्रॉस्पेक्ट्स और ऑनलाइन एप्लीकेशन के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर ही आवेदन करना होगा। निर्धारित अंतिम तिथि 15 मई के बाद भी आवेदन किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए विलंब शुल्क के रूप में 600 रुपये अदा करना होगा।
ऑनलाइन माध्यम से जमा होगा परीक्षा शुल्क
परीक्षा शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उम्मीदवारों के पास 19 और 20 मई को अपने आवेदन पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि दूर करने का समय रहेगा। इस दौरान श्रेणी और उपश्रेणी में सुधार के लिए उम्मीदवारों को स्वयं बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर ऑफलाइन माध्यम से ही आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, टेट परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक।
किस दिन होगी कौन सी परीक्षा
7 जून : सुबह प्री प्राइमरी विशेष शिक्षक, शाम: कक्षा छठी से जमा दो तक के विशेष शिक्षक।
13 जून : सुबह टीजीटी आर्ट्स, शाम: टीजीटी मेडिकल।
14 जून: सुबह: जेबीटी, शाम: टीजीटी संस्कृत।
17 जून: सुबह: पंजाबी, शाम: उर्दू।
21 जून: सुबह टीजीटी नॉन मेडिकल, शाम: टीजीटी हिंदी।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून माह में आयोजित होने वाले टेट का शेड्यूल जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 30 अप्रैल से ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया केवल ऑनलाइन ही होगी, किसी अन्य माध्यम से शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।-डाॅ. मेजर विशाल शर्मा, सचिव, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड।
