HPRCA: सीबीएसई स्कूलों में भर्ती होंगे 808 शिक्षक, कर्मचारी चयन आयोग ने मांगे ऑनलाइन आवेदन, जानें अंतिम तिथि
राज्य चयन आयोग हमीरपुर सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 808 विभिन्न पद भरने जा रहा है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 808 विभिन्न पद भरने जा रहा है। आयोग ने गुरुवार को सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में विभिन्न विषयों के पदाें को भरने के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट(https://hprca.hp.gov.in) के माध्यम से योजना आधारित सीधी भर्ती/नियुक्ति के लिए इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। ऑनलाइन आवेदनपत्र 17 अप्रैल 2026 (सुबह 10:00 बजे) से 8 मई 2026 (रात 11:59 बजे तक) भरे जा सकते हैं। इसके बाद वेबसाइट लिंक निष्क्रिय कर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सख्त सलाह दी गई है कि वे ऑनलाइन भर्ती आवेदनों को जमा करने की अंतिम तिथियों के दौरान होने वाली भीड़ से बचने के लिए पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर दें। उम्मीदवार पदों का विवरण, पात्रता शर्तें, चयन प्रक्रिया तथा अन्य नियम एवं शर्तों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
ऑफलाइन आवेदन पत्र स्वीकार नहीं होंगे
राज्य चयन आयोग की ओर से कोई भी ऑफलाइन आवेदनपत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयोग ने उम्मीदवारों को ओआरए (ऑनलाइन भर्ती आवेदनपत्र) भरने से पहले निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। ओआरएए जमा करने की आखिरी तारीख के बाद चार दिनों के लिए एक करेक्शन विंडो खोली जाएगी। इस दौरान उम्मीदवारों को तय फीस देकर अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में गलतियां ठीक करने की इजाजत होगी। ऑनलाइन आवेदनपत्र की डाउनलोड की गई प्रति, आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों और स्वप्रमाणित फोटोकॉपी के साथ दस्तावेज सत्यापन के समय या जब भी आयोग की ओर से आवेदकों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए इनकी आवश्यकता हो, तब प्रस्तुत की जानी चाहिए।
सभी श्रेणियों के लिए न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा ये रहेगी
सभी उम्मीदवारों की आवश्यक योग्यता और अनुभव (यदि कोई हो) तय करने की तारीख, ऑनलाइन भर्ती आवेदनपत्र जमा करने की निर्धारित अंतिम तारीख होगी, यानी 8 मई 2026 को रात 11:59 बजे तक। हालांकि, ओबीसी, बीपीएल, ईडब्ल्यूएस , स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित आदि श्रेणियों के उम्मीदवारों के श्रेणी प्रमाणपत्र की वैधता तय करने की तारीख, आवेदनपत्र जमा करने की निर्धारित अंतिम तारीख और दस्तावेज सत्यापन की तारीख, दोनों होंगी। इसका मतलब है कि इन उम्मीदवारों के पास चयन प्रक्रिया के दौरान हर समय वैध श्रेणी प्रमाणपत्र होना चाहिए। सभी श्रेणियों के लिए न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा क्रमशः 18 और 45 वर्ष है और इसकी गणना 1 जनवरी 2026 को की जाएगी।
ये रहेगा परीक्षा शुल्क
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क के रूप में 100 रुपये और प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में 700 रुपये का भुगतान करना होगा। इस तरह कुल 800 रुपये चुकाने होंगे। करेक्शन फीस 100 रुपये होगी। सुधार शुल्क (सुधार विंडो के लिए एक लिंक चार दिनों की अवधि के लिए खोला जाएगा, जो ओआरए जमा करने की अंतिम तिथि के बाद शुरू होगा)। अपने ऑनलाइन भर्ती आवेदनों, उम्मीदवारी आदि के संबंध में किसी भी मार्गदर्शन/जानकारी/स्पष्टीकरण के लिए किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे के बीच आयोग रिसेप्शन काउंटर पर व्यक्तिगत रूप से फोन नंबर 01972-222204 पर, या ईमेल ID hp-rca@hp.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।
किस विषय में कितने पद
संगीत, संस्कृत, ड्राइंग व शारीरिक शिक्षा शिक्षक (प्राथमिक) के 118-118 पद भरे जाएंगे। इतिहास शिक्षक के 86, हिंदी शिक्षक 151 और भूगोल शिक्षक के 99 पद भरे जाएंगे। इनकी नियुक्ति शैक्षणिक वर्ष में 10 महीने के लिए हर महीने 30,000 रुपये रुपये का फिक्स्ड मानदेय पर सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में होगी। उम्मीदवारों को ओआरए भरने से पहले ओटीआर पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। संबंधित पद(पदों) के लिए ओआरए फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को निर्देशों/अन्य नियमों और शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपना चालू मोबाइल नंबर और ईमेल आई दें, जिसका उपयोग उन्होंने ऑनलाइन भर्ती आवेदन में किया है, और यह सुनिश्चित करें कि चयन प्रक्रिया पूरी होने तक वे चालू रहें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक
पदों की संख्या अस्थायी है और विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए समय-समय पर इसमें वृद्धि या कमी हो सकती है। लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए कम से कम 45 फीसदी और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग/स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 40 फीसदी होंगे। हालांकि, यदि निर्धारित प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की संख्या विज्ञापित पदों की संख्या से कम है तो आयोग लिखित रूप में दर्ज किए जाने वाले कारणों के आधार पर अर्हक प्रतिशत में अधिकतम 5 फीसदी तक की छूट दे सकता है।
पांच वर्षों के लिए अस्थायी ताैर पर योजना आधारित होगी भर्ती, सरकारी कर्मचारी नहीं माने जाएंगे
आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती होने वाले संगीत, संस्कृत, ड्राइंग, शारीरिक शिक्षा शिक्षक (प्राथमिक), इतिहास, हिंदी और भूगोल शिक्षक की नियुक्ति पूरी तरह से योजना आधारित होगी, जो पांच वर्षों की अवधि के लिए अस्थायी होगी और किसी भी स्वीकृत पद के विरुद्ध नहीं होगी। शिक्षा विभाग के किसी भी रिक्त स्वीकृत पद के विरुद्ध नियमितीकरण का कोई अधिकार नहीं होगा। इसके अलावा, इन शिक्षकों को किसी भी तरह से सरकारी कर्मचारी नहीं माना जाएगा और वे केवल उपर्युक्त योजना के नियमों और शर्तों के जरिये ही शासित होंगे। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे के लिए सरकारी चिकित्सा नियम इन शिक्षकों पर लागू नहीं होंगे और विभाग की आवश्यकता के अनुसार उन्हें किसी भी सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूल के साथ अन्य सरकारी स्कूलों में भी तैनात किया जा सकता है। इस योजना के तहत नियुक्त व्यक्तियों पर सेवा नियम (जिनमें सीसीएस/सीसीए/छुट्टी के नियम/पेंशन के नियम या सरकारी कर्मचारियों पर लागू होने वाले कोई अन्य नियम शामिल हैं) लागू नहीं होंगे। इस योजना के तहत नियुक्ति की अवधि को किसी भी उद्देश्य/सेवा लाभ के लिए नहीं गिना जाएगा और शिक्षक केवल उन्हीं लाभों के हकदार होंगे जिनका उल्लेख इस उप योजना में किया गया है। राज्य सरकार इस योजना आदि में निर्धारित शर्तों के अतिरिक्त, नियुक्ति के लिए कोई अन्य नियम और शर्तें भी निर्धारित कर सकती है।
यहां क्लिक कर देखें आयोग का भर्ती नोटिस