LPG price Hike: हिमाचल में एलपीजी सिलिंडर हुआ महंगा, अब इतने रुपये में मिलेगा, जानें प्रमुख शहरों में दाम
नई दरों के साथ अब हिमाचल में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर की कीमत एक हजार रुपये पहुंच गई है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
विस्तार
ईरान-इस्त्राइल के बीच जारी युद्ध के बीच एलपीजी सिलिंडर महंगा हो गया है। नई दरों के साथ अब हिमाचल में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर की कीमत एक हजार रुपये पहुंच गई है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं। इसी तरह व्यावसायिक सिलिंडर के दाम भी बढ़े हैं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में डिलीवरी चार्ज जोड़ने के बाद दाम अलग-अलग रहेंगे। हालांकि, पेट्रोल-डीजल के दामों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। आपूर्ति भी सुचारू रूप से चल रही है।
शिमला में ये रहेंगे एलपीजी के दाम
शिमला में घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 60 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1015 रुपये का मिलेगा। जबकि व्यावसायिक सिलिंडर 137 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 2097 का मिलेगा जोकि पहले 1960 का था। इंडियन ऑयल के मंडल एलपीजी विक्रय प्रमुख मोहम्मद अमीन ने कहा पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से यह स्थिति बनी है। आने वाले कुछ समय में यह स्थिति बनी रहने की आशंका है। इससे पहले, सरकार ने 1 मार्च को वाणिज्यिक सिलिंडर (19 किग्रा) की कीमतें बढ़ाई थीं। हालांकि, पेट्रोल-डीजल के दामों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। शिमला में पावर पेट्रोल 102.29 रुपये, पेट्रोल 95.06 रुपये व डीजल 87.13 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। आपूर्ति भी सुचारू रूप से चल रही है। हालांकि, सरकार का दावा है कि युद्ध के चलते पेट्रोलियम उत्पादों पर कोई संकट नहीं है।
बिलासपुर में ये होंगे एलपीजी के दाम
वहीं बिलासपुर में व्यावसायिक सिलिंडर के दाम 114.50 रुपये बढ़े हैं। अब यहां सिलिंडर 1999.50 रुपये का मिलेगा। घरेलू सिलिंडर में 60 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब दाम 948.50 रुपये होगा। इसमें लेबर चार्ज अलग से रहेंगे। मंडी शहर में पेट्रोल 94.58 और डीजल 86.65 प्रति लीटर मिलेगा।
धर्मशाला में ये रहेंगे एलपीजी के नए दाम
एचपीएससीएससी धर्मशाला में 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलिंडर अब 965 रुपये मिलेगा, इससे पहले यह 905 रुपये का था। इसी तरह व्यावसायिक सिलिंडर 2011 रुपये मिलेगा जो पहले 1868.50 रुपये का था। इसमें डिलीवरी चार्ज अलग से होगा।
कुल्लू में इतने रुपये का मिलेगा घरेलू सिलिंडर
जिला कुल्लू में घरेलू के साथ व्यावसायिक सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। 14 किलो का घरेलू सिलिंडर अब उपभोक्ताओं को 980.35 रुपये में मिलेगा। जबकि व्यावसायिक सिलिंडर 114 रुपये महंगा हो गया है। यह अब 2009.10 रुपये में मिलेगा। जबकि पेट्रोल और डीजल पुराने ही रेट में मिल रहा है।
मंडी में घरेलू सिलिंडर 1013 रुपये पहुंचा
मंडी में 14 किलो के घरेलू सिलिंडर के दाम 953 से 1013 रुपये हो गए हैं। हालांकि, पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
चंबा में 1005 में मिलेगा घरेलू सिलिंडर
चंबा जिले में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों के दाम में 60 से 114 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब घरेलू उपभोक्ताओं को 945 रुपये में मिलने वाला सिलिंडर 1005 रुपये में मिलेगा। वहीं 1920 रुपये में मिलने वाला व्यावसायिक सिलिंडर अब 2035 रुपये में उपभोक्ताओं को मिलेगा। हालांकि, पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई वृद्धि नहीं हुई है। पेट्रोल 95.29 रुपये और डीजल 87.37 रुपये प्रति लीटर है।
ऊना में ये रहेंगे एलपीजी के नए दाम
ऊना में 14 किलो का घरेलू गैस सिलिंडर पहले 914 रुपये में मिलता था। शनिवार से इसकी कीमत 974 हो गई है। वहीं दूसरी ओर एलपीजी का व्यावसायिक सिलिंडर पहले 1891 रुपये में मिलता था, लेकिन अब 2005 रुपये में मिलेगा। वर्तमान में जिला के प्रमुख शहरों में आपूर्ति के ऊपर किसी भी प्रकार का कोई असर नहीं देखा गया है। लेकिन आने वाले दिनों में गैस के दाम में वृद्धि होने से आपूर्ति कम होने की संभावना जताई गई है। कमल गैस एजेंसी ऊना के प्रबंधक बलबीर सिंह के अनुसार जिले में इंडियन की आठ, हिंदुस्तान कॉरपोरेशन की दो, पीपीसी की दो एजेंसियां संचालित की जा रही हैं। ऊना शहर में ही कमल गैस एजेंसी के अधीन 2,0000 से अधिक उपभोक्ता पंजीकृत हैं।
किन्नाैर में 986 का हुआ सिलिंडर
किन्नौर में 14 किलो का घरेलू गैस सिलिंडर अब 986 रुपये में मिलेगा। व्यावसायिक सिलिंडर के दाम 115 रुपये बढ़े हैं। व्यावसायिक सिलिंडर अब 2050 रुपये में मिलेगा। डिलीवरी चार्ज अलग रहेंगे।