बॉलीवुड अभिनेत्री के घर की तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड अभिनेत्री के घर की तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अपने दोस्त से मिलने यहां आया था।रा जधानी शिमला के उपनगर नार्थ ओक संजौली के जिंटा निवास की तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान करणदीप (29) पटियाला पंजाब के तौर पर हुई है। वह अपने दोस्त लोकेश बंसल से मिलने यहां आया था।
बताया जा रहा है कि यह मकान सिने अभिनेत्री प्रीति जिंटा की मां का है। लोकेश यहां आर्थो से संबंधित पार्ट्स का व्यवसाय करता है। करणदीप शुक्रवार को ही यहां आया था। बताया जा रहा है कि रात को दोनों ने शराब पी। अंदेशा जताया जा रहा है कि नशे की हालत में करणदीप कमरे से बाहर निकला होगा और असंतुलित होकर गिर गया।
हालांकि पुलिस का दावा है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। रविवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि नार्थ ओक में खून से सना एक युवक पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रात को की थी पार्टी
युवक अपने दोस्त लोकेश बंसल के घर पर रह रहा था। बंसल के मुताबिक तीन दिन पहले युवक ने उसे फोन किया कि वह शिमला आ रहा है। क्या वह उसके घर पर उसके साथ रह सकता है? बंसल ने उसे अपने साथ रहने के लिए हां कर दी। बंसल के मुताबिक युवक कास्मेटिक का काम करता था और शिमला भी अपने काम के सिलसिले से आया था।
शनिवार रात को बंसल और युवक दोनों ने कमरे में बैठकर एक साथ शराब पी। बंसल ने बताया कि वह शराब पीकर सो गया, लेकिन करणदीप शराब पीता रहा। जब सुबह उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि युवक कमरे में नहीं है और दरवाजा भी खुला है। उसने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसका दोस्त गायब हो गया है।
थोड़ी देर बाद जब वह बाहर गया तो देखा कि युवक का शव जमीन पर पड़ा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी ने कहा कि अब तक की जांच में आया है कि लोकेश बंसल और करणदीप ने शनिवार को पहले बाहर शराब पी। बंसल का कहना है कि उसके बाद वह सो गया। पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है।