{"_id":"6a526a8db4c804d20f03108c","slug":"person-was-injured-after-being-shot-during-a-dispute-in-una-2026-07-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऊना में फायरिंग: अवैध शराब की टोह लेने पहुंचे कारोबारी के कारिंदे को मारी गोली, पूछताछ के दौरान बढ़ा विवाद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऊना में फायरिंग: अवैध शराब की टोह लेने पहुंचे कारोबारी के कारिंदे को मारी गोली, पूछताछ के दौरान बढ़ा विवाद
Sat, 11 Jul 2026 09:42 PM IST
Rahul Kumar Tiwari
अमर उजाला नेटवर्क, ऊना/शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, ऊना/शिमला
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Sat, 11 Jul 2026 09:42 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश के गगरेट के डंगोह खुर्द में अवैध शराब की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई। घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ऊना में फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द में शनिवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई। गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर चौक के एक शराब कारोबारी के कुछ कारिंदे निजी वाहन में सवार होकर जोह बह क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार की टोह लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना डिंगोह खुर्द निवासी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको से हुआ। कारिंदों ने उससे पूछताछ शुरू की, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि मोहिंदर सिंह उर्फ कोको ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली एक कारिंदे की जांघ में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
घायल को उसके साथी तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दौलतपुर चौक लेकर पहुंचे। वहां तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप नरूला ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचते ही प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गोली उसकी जांघ को आर-पार कर गई थी। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।