Himachal: सोलंगनाला में स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता का आगाज; साक्षी, आंचल और प्रणव ने जीता स्वर्ण
राज्य स्तरीय स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 250 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
विस्तार
सोलंगनाला में राज्य स्तरीय स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 250 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन अंडर-18 महिला वर्ग में साक्षी ठाकुर ने स्वर्ण, संजना ने रजत और कनिका ने कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में निशांत ने स्वर्ण, आयुष ने रजत और पुष्कर ने कांस्य पदक हासिल किया। अल्पाइन जाइंट सलालम ओपन महिला वर्ग में आंचल ठाकुर ने स्वर्ण, तनुजा ठाकुर ने रजत और संध्या ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में प्रणव ने स्वर्ण, निखिल ने रजत और योगेश ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष वर्ग अल्पाइन स्कीइंग अंडर-21 में साहिल ने स्वर्ण, जतिन ने रजत और अखिलेश ने कांस्य पदक हासिल किया। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि सोलंगनाला की ढलान को विकसित किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। सोलंगनाला सहित धुंधी और हामटा में भी स्की स्लोप तैयार होंगे। प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रजत ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रविश विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी। इस दौरान पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, डीएसपी मनाली केडी शर्मा, तहसीलदार अनिल राणा मौजूद रहे।
सरकार से शीतकालीन खेलों को ध्यान में रखते हुए सोलंगनाला की ढलानों को विकसित करने का आग्रह किया गया है। हालांकि, इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वालों का हिमाचल टीम में चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलो इंडिया में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाने का मौका मिलेगा। -रूप चंद नेगी, महासचिव स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
