Himachal: 30 सितंबर 2024 और 2025 को दो वर्ष की नियमित सेवा पूरी करने वाले अनुबंध कर्मियों को दी बड़ी राहत
सरकार ने 30 सितंबर 2024 व 2025 में दो वर्ष की निरंतर सेवा पूरी करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके नियमितीकरण को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जो अनुबंध कर्मचारी 30 सितंबर 2024 और 30 सितंबर 2025 तक अपनी दो वर्ष की लगातार सेवा पूरी कर चुके हैं, वे संबंधित नीतियों के तहत बैक डेट से नियमितीकरण के पात्र होंगे। ऐसे कर्मचारियों को 30 सितंबर 2024 और 30 सितंबर 2025 के बाद नियमित किया जाएगा। कार्मिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण की शर्तें और नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।
इनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। यह निर्देश सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और उपायुक्तों को भेजे गए हैं, ताकि पात्र कर्मचारियों के मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। गौरतलब है कि इन कर्मचारियों को सितंबर की जगह अगले वर्ष के 31 मार्च को दो साल का अनुबंध पूरा होने पर नियमित किया था। बीते दिनों ही सरकार ने दोबारा से साल में दो बार सितंबर और मार्च में नियमित करने का निर्णय लिया है।
आईपीएस अधिकारी संदीप को सौंपा राज्यपाल के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार
प्रदेश सरकार ने आईएएस अधिकारी सीपी वर्मा को हटाकर आईपीएस अधिकारी संदीप कुमार भारद्वाज को राज्यपाल के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी संदीप कुमार भारद्वाज अभी राज्यपाल के एडीसी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी सीपी वर्मा को राज्यपाल के सचिव से बदलकर नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव के रूप में नियमित तौर पर तैनात किया गया है। वर्मा को बीते दिनों ही राज्यपाल के सचिव पद के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया था।