फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   BWF World Championships: Lakshya Sen enters second round with fighting win, Treesa-Gayatri too advance

BWF World Championships: लक्ष्य सेन की शानदार वापसी, दूसरे दौर में पहुंचे; त्रीसा-गायत्री ने भी किया कमाल

Tue, 18 Aug 2026 08:46 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Tue, 18 Aug 2026 08:46 PM IST
सार

लक्ष्य सेन ने ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन को तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-8, 21-4 से हरा दिया। इसी के साथ वह बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल के दूसरे दौर में पहुंच गए।

विज्ञापन
BWF World Championships: Lakshya Sen enters second round with fighting win, Treesa-Gayatri too advance
लक्ष्य सेन - फोटो : PTI

विस्तार

भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए मंगलवार को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली। लक्ष्य ने ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन को तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-8, 21-4 से हराया। 45 मिनट तक चले इस मुकाबले में लक्ष्य को शुरुआती गेम में संघर्ष करना पड़ा, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

पहले गेम में पिछड़े लक्ष्य
लक्ष्य ने मुकाबले की धीमी शुरुआत की। फिलिमोन ने लगातार दबाव बनाए रखा और भारतीय खिलाड़ी को आसानी से लय में नहीं आने दिया। स्कोर एक समय बराबरी पर था, लेकिन लक्ष्य की कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी ने लगातार छह अंक हासिल किए और 17-12 की बढ़त बना ली। लक्ष्य ने वापसी की कोशिश की, लेकिन फिलिमोन ने धैर्य बनाए रखते हुए शटल को कोर्ट के अंदर रखा और भारतीय खिलाड़ी से गलतियां करवाकर पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने बदला खेल
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच 7-7 तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसके बाद लक्ष्य ने अपने आक्रामक खेल की रफ्तार बढ़ाई और 11-8 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार 10 अंक अपने नाम करते हुए गेम 21-8 से जीत लिया। फिलिमोन इस दौरान पूरी तरह दबाव में नजर आए।

निर्णायक गेम में भी लक्ष्य ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने अपने दमदार स्मैश और तेज खेल से लगातार अंक जुटाए और 21-4 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दूसरे दौर में लक्ष्य का सामना अमेरिका के गैरेट टैन से होगा। टैन ने स्विट्जरलैंड के टोबियास कुएन्जी को 21-4, 21-15 से हराया।
विज्ञापन
विज्ञापन

त्रीसा-गायत्री ने 16वीं वरीय जोड़ी को हराया
  • महिला युगल में भारत की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की 16वीं वरीय लॉरेन लैम और एलिसन क्विन्ह ली की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
  • त्रीसा और गायत्री ने महज 38 मिनट में अमेरिकी जोड़ी को 21-15, 21-12 से शिकस्त दी। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। त्रीसा ने अपने दमदार स्मैश से अंक जुटाए, जबकि गायत्री ने शानदार ड्रॉप शॉट और कोर्ट कवरेज के जरिए विपक्षी खिलाड़ियों को परेशान किया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया।
  • दूसरे गेम में भी त्रीसा और गायत्री ने अपनी लय बरकरार रखी और ब्रेक तक 11-4 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-12 से गेम जीतकर मुकाबला समाप्त किया। भारतीय जोड़ी के तेज हाथों, शानदार लाइन जजमेंट और आक्रामक खेल ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन

कविप्रिया-सिमरन का सफर खत्म
महिला युगल में भारत की एक अन्य जोड़ी कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें बुल्गारिया की नौवीं वरीय गैब्रिएला स्टोएवा और स्टेफानी स्टोएवा की जोड़ी ने सीधे गेम में 21-7, 21-14 से हराया। यह मुकाबला सिर्फ 32 मिनट चला।

मिश्रित युगल में भारत को निराशा
मिश्रित युगल में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे की जोड़ी को कनाडा के जोनाथन बिंग त्सान लाई और क्रिस्टल लाई के खिलाफ कड़े मुकाबले में 22-20, 19-21, 17-21 से हार मिली। वहीं, अशिथ सूर्य और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी को तुर्किये के एमरे सोनेमेज और यासेमेन बेक्टास ने रोमांचक मुकाबले में 21-16, 29-30, 22-24 से हराया।

हालांकि मिश्रित युगल में भारत की एक जोड़ी अभी भी चुनौती पेश कर रही है। 15वीं वरीयता प्राप्त ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी पहले दौर में बाई मिलने के बाद दूसरे दौर में मकाऊ के इओक चोंग लेओंग और वेंग ची एनजी के खिलाफ उतरेगी।

उन्नति हुड्डा ने भी दर्ज की जीत
महिला एकल में भारत की उभरती खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने भी दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने म्यांमार की थेत ह्तार थुजार को 40 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-16 से हराया। अपने पिता के मार्गदर्शन में खेल रही उन्नति ने दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखा और सीधे गेम में जीत दर्ज की। अब दूसरे दौर में उन्नति की भिड़ंत कनाडा की 13वीं वरीय मिशेल ली से होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed