Cristiano Ronaldo: पुर्तगाल के विश्वकप से बाहर होने के बाद रोनाल्डो की पहली प्रतिक्रिया, संन्यास पर क्या बोले?
फीफा विश्व कप 2026 से पुर्तगाल के बाहर होने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने साफ किया कि वह अभी संन्यास लेने का कोई जल्दबाजी वाला फैसला नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनका आखिरी विश्व कप जरूर था, लेकिन वह पहले अपने परिवार के साथ समय बिताएंगे और फिर भविष्य को लेकर सोचेंगे। रोनाल्डो ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर और पुर्तगाल की उपलब्धियों पर भी गर्व जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में स्पेन के खिलाफ हार के साथ पुर्तगाल का सफर समाप्त हो गया। इस हार ने करोड़ों फुटबॉल फैंस को निराश किया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा क्रिस्टियानो रोनाल्डो की रही। 41 वर्षीय स्टार फुटबॉलर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप होगा। हालांकि टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि वह अभी फुटबॉल से संन्यास लेने का फैसला नहीं कर रहे हैं और जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेंगे।
स्पेन से हार के बाद रोनाल्डो भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, 'विश्व कप से इस तरह बाहर होना दुखद है। मैंने अपना सबकुछ झोंक दिया। मैंने अपनी ओर से पूरी कोशिश की और मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं कि मैंने कोई कमी नहीं छोड़ी। हां, यह मेरा आखिरी विश्व कप था, लेकिन अब मेरे पास सोचने और अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका होगा। मैं कोई भी जल्दबाजी वाला फैसला नहीं करूंगा।" उन्होंने आगे कहा, "मैं कभी भी भावनाओं में बहकर फैसले नहीं लेता।'
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को याद करते हुए रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए हासिल की गई सफलताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मैंने पुर्तगाल के लिए तीन बड़े खिताब जीते हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पहले पुर्तगाल ने एक भी खिताब नहीं जीता था। राष्ट्रीय टीम का सबसे बड़ा खिताब 2016 की यूरोपीय चैंपियनशिप है और सच कहूं तो वह मेरे लिए विश्व कप जीतने जितनी ही बड़ी उपलब्धि है।' रोनाल्डो की कप्तानी में पुर्तगाल ने 2016 में यूरोपीय चैम्पियनशिप जीती थी। इसके अलावा टीम ने 2019 और 2025 में यूईएफए नेशंस लीग का खिताब भी अपने नाम किया। हालांकि, यूरो कप वाले से बयान से ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वह 2028 में यूनाइटेड किंगडम और रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड की मेजबानी में होने वाले यूरो कप में खेल सकते हैं।
विश्व कप से बाहर होने के तुरंत बाद पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस फैसले पर रोनाल्डो ने उनका समर्थन करते हुए कहा, 'मुझे उनके साथ काम करके बहुत अच्छा लगा। वह शानदार कोच और बेहतरीन इंसान हैं। उन्होंने पुर्तगाल के लिए जो किया, उसके लिए उनकी सराहना होनी चाहिए। मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।'
रोनाल्डो ने कहा कि किसी बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना हमेशा दर्द देता है, लेकिन टीम को इससे उबरना होगा। उन्होंने कहा, 'किसी बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना हमेशा दुखद होता है। यह विश्व कप था और हमारी टीम लगातार बेहतर होती जा रही थी। मेरी नजर में हमने अच्छा खेल दिखाया। मैच किसी भी तरफ जा सकता था, लेकिन फुटबॉल ऐसा ही खेल है। अब हमें खुद को संभालना होगा और आगे बढ़ना होगा।'
Cristiano Ronaldo:
— World Cup HQ (@WorldCup26HQ) July 6, 2026
🗣️ "I've won three titles with Portugal. Before Cristiano, Portugal hadn't won anything.
The biggest title I won with the National Team was Euro 2016. FOR ME, IT HAS THE SAME DIMENSION AS A WORLD CUP." 😳🇵🇹 pic.twitter.com/kqDd3Oo5Qf
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना इस हार के साथ हमेशा के लिए अधूरा रह गया। हालांकि उन्होंने अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और पुर्तगाल को पहली बार बड़े अंतरराष्ट्रीय खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब दुनिया की नजर इस बात पर रहेगी कि वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में आगे खेलना जारी रखते हैं या कुछ समय बाद अपने भविष्य को लेकर अंतिम फैसला लेते हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.