Portugal Out of FIFA World Cup: पुर्तगाल की हार के बाद रॉबर्टो मार्टिनेज का बड़ा फैसला, फैंस को कैसे चौंकाया?
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में स्पेन से 1-0 की हार के बाद पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इंजरी टाइम में मिकेल मेरिनो के गोल से स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि हार के साथ पुर्तगाल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल के अभियान के खत्म होते ही टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। राउंड ऑफ-16 में स्पेन के खिलाफ 0-1 की हार के बाद मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंजरी टाइम में मिकेल मेरिनो के गोल ने पुर्तगाल का क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना तोड़ दिया। हार के बाद मार्टिनेज ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए माना कि उनकी टीम अतिरिक्त समय तक मुकाबले को ले जाने की हकदार थी, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।
स्पेन से मिली हार के बाद रॉबर्टो मार्टिनेज ने पुर्तगाल के मुख्य कोच पद से इस्तीफा देने का फैसला किया। मैच के बाद उन्होंने कहा, 'पुर्तगाल के लोगों को इस टीम और इन खिलाड़ियों पर गर्व होना चाहिए। यह बेहद दुखद है। हमारी टीम का एक शॉट क्रॉसबार से टकराया। मेरा मानना है कि हम इस मुकाबले को अतिरिक्त समय तक ले जाने के हकदार थे। हमने शानदार डिफेंस किया और विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार टीम के खिलाफ बराबरी का मुकाबला खेला। शायद हमारे पास केवल थोड़ी किस्मत की कमी थी। आज किस्मत हमारे साथ नहीं थी, लेकिन यह पूरी तरह संतुलित मुकाबला था।'
मुकाबले का पहला हाफ काफी रोमांचक रहा, लेकिन दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल के पास बढ़त बनाने का शानदार मौका था, लेकिन उनका प्रयास निशाने से चूक गया। वहीं एलेक्स बेएना के बेहतरीन शॉट को पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने शानदार बचाव करते हुए कॉर्नर में बदल दिया।
दूसरी ओर, क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी कई बार स्पेनिश डिफेंस पर दबाव बनाया। पुर्तगाल गोल करने के सबसे करीब तब पहुंचा, जब नूनो मेंडेस का डिफ्लेक्टेड शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने सतर्क खेल दिखाया और मैच अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता नजर आ रहा था। लेकिन 90+1वें मिनट में सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस ने शानदार पास दिया, जिस पर मिकेल मेरिनो ने सटीक लो-फिनिश के साथ गोल कर स्पेन को 1-0 की जीत दिला दी। अब स्पेन क्वार्टर फाइनल में अमेरिका और बेल्जियम के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से भिड़ेगा।
पुर्तगाल के मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडिस ने हार के बाद कहा, 'जाहिर है हम बेहद दुखी हैं। हम यहां सिर्फ एक लक्ष्य लेकर आए थे और वह था विश्व कप जीतना। दुर्भाग्य से हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके। मुझे लगता है कि पहले हाफ में हमने बेहतर खेल दिखाया, लेकिन दूसरे हाफ में हमने वही गलती दोहराई। हम जरूरत से ज्यादा पीछे हटकर डिफेंस करने लगे और गेंद स्पेन को सौंप दी। जब आप ऐसा करते हैं तो देर-सबेर गोल खा ही जाते हैं। मैं स्पेन को बधाई देता हूं, उनके पास शानदार गुणवत्ता है, लेकिन अगर हम पहले हाफ जैसा खेल जारी रखते तो शायद नतीजा अलग हो सकता था।'
स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने जीत का श्रेय अपने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों को दिया। उन्होंने कहा, 'निर्णायक भूमिका बेंच से आए खिलाड़ियों ने निभाई। मैंने मेरिनो से कहा था कि वह वही खेल खेलें, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उनका काम मिडफील्ड और फॉरवर्ड खिलाड़ियों की मदद करना था। हमने उन्हें टीम को नई लय और ऊर्जा देने के लिए मैदान पर उतारा था। हमारे सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रभाव छोड़ा है और इसकी वजह यह है कि हमारी टीम के सभी 26 खिलाड़ी उच्च स्तर के हैं।'
यह मुकाबला क्रिस्टियानो रोनाल्डो के विश्व कप करियर का आखिरी मैच भी साबित हुआ। मैच से पहले ही 41 वर्षीय स्टार ने साफ कर दिया था कि यह उनका अंतिम विश्व कप होगा। उन्होंने विश्व कप के 27 मुकाबलों में 11 गोल किए और छह अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में गोल करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। हालांकि विश्व कप ट्रॉफी जीतने का उनका सपना अधूरा ही रह गया।
स्पेन ने इस जीत के साथ विश्व कप इतिहास में लगातार छह क्लीन शीट दर्ज करने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, मिकेल मेरिनो ने पिछले 17 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अपना नौवां गोल दागा। शानदार प्रदर्शन के लिए स्पेन के मिडफील्डर रोड्री को 'मिशेलॉब अल्ट्रा सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.