फीफा विश्वकप में घुसा चोर!: इंग्लिश कैंप में मची खलबली; स्विटजरलैंड और ब्राजील की उम्मीदों पर क्यों फिरा पानी?
फीफा विश्वकप 2026 के शुरुआती दिनों में मैदान के अंदर और बाहर कई बड़े घटनाक्रम देखने को मिले। एक ओर इंग्लैंड की टीम के उपकरण और खिलाड़ियों के जूते चोरी होने से टीम प्रबंधन में हड़कंप मच गया, वहीं मैदान पर ब्राजील को मोरक्को ने 1-1 की बराबरी पर रोककर बड़ा झटका दिया। दूसरी तरफ स्विटजरलैंड भी जीत के करीब पहुंचकर कतर के खिलाफ केवल एक अंक हासिल कर सका। इन घटनाओं ने विश्वकप के शुरुआती मुकाबलों को और भी रोमांचक बना दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्वकप 2026 के शुरुआती दौर में जहां दुनिया की नजरें मैदान पर होने वाले रोमांचक मुकाबलों पर टिकी हैं, वहीं टूर्नामेंट के बाहर भी ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं जिन्होंने सुर्खियां बटोर ली हैं। इंग्लैंड की टीम विश्वकप अभियान शुरू होने से पहले एक बड़ी चोरी की घटना से जूझ रही है, जबकि मैदान पर पांच बार की चैंपियन ब्राजील को मोरक्को ने ड्रॉ पर रोक दिया। वहीं, यूरोप की मजबूत टीम स्विटजरलैंड भी कतर के खिलाफ जीत हासिल करने में नाकाम रही। इसके अलावा भारतीय फैंस को एक बार फिर मैच के लाइव टेलीकास्ट को लेकर दिक्कतें सामने आई हैं। आइए एक-एक करके सारे मामले जानते हैं...
इंग्लैंड के कैंप में चोरी से मचा हड़कंप
विश्वकप शुरू होने से पहले इंग्लैंड टीम के सामने एक ऐसी समस्या आ खड़ी हुई जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। इंग्लिश डेली द सन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम के जूते, फुटबॉल और ट्रेनिंग उपकरण फ्लोरिडा से कंसास सिटी स्थित ट्रेनिंग बेस ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चोरी की बड़ी वारदात हो गई।बताया गया है कि टीम के उपकरणों से भरी वैन से बड़ी मात्रा में सामान गायब हो गया। चोरी हुए सामान में खिलाड़ियों के बूट, ट्रेनिंग किट, विश्लेषण उपकरण, मुख्य कोच थॉमस टुखेल के व्हाइटबोर्ड और मसाज टेबल तक शामिल हैं। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कथित तौर पर पूरे सामान में केवल एक फुटबॉल बची थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अधिकारियों ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि चोरी में कौन-कौन शामिल था और कितना सामान गायब हुआ है।
हैरी केन और बेलिंघम के बूट भी चोरी होने की आशंका
इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि चोरी हुए सामान में टीम के स्टार खिलाड़ियों के निजी बूट भी शामिल हो सकते हैं। कप्तान हैरी केन और स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंघम जैसे खिलाड़ियों के जूते चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।विश्वकप जैसे बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ी अपने विशेष रूप से तैयार किए गए बूटों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में मैच से ठीक पहले उनका गायब हो जाना टीम की तैयारियों को प्रभावित कर सकता है। इंग्लैंड को अपना पहला मुकाबला क्रोएशिया के खिलाफ खेलना है और उससे पहले सपोर्ट स्टाफ वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुट गया है।
विश्वकप जीतने के दावेदार इंग्लैंड पर बढ़ा दबाव
इंग्लैंड को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। टीम के पास हैरी केन, जूड बेलिंघम, फिल फोडेन और डेक्लान राइस जैसे कई स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इस तरह की घटना टीम की मानसिक तैयारी पर असर डाल सकती है। कोचिंग स्टाफ के सामने अब चुनौती केवल रणनीति बनाने की नहीं बल्कि खिलाड़ियों को सामान्य माहौल उपलब्ध कराने की भी है।
मोरक्को ने ब्राजील को रोका, जीत का सपना अधूरा
विश्व फुटबॉल की सबसे सफल टीम ब्राजील ने विश्वकप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ की। न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों ने 1-1 से ड्रॉ खेला। मुकाबले की शुरुआत से ही मोरक्को ने दिखा दिया कि वह केवल भाग लेने नहीं बल्कि चुनौती देने आया है। 21वें मिनट में इस्माइल साइबारी ने तेज जवाबी हमले को शानदार तरीके से गोल में बदलकर मोरक्को को बढ़त दिला दी। साइबारी ने ब्राजील के गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से गेंद चिप करते हुए शानदार फिनिश किया।
विनीसियस जूनियर ने संभाला मोर्चा
मोरक्को की बढ़त अधिक देर तक कायम नहीं रह सकी। 32वें मिनट में ब्राजील के स्टार विंगर विनीसियस जूनियर ने अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बराबरी का गोल दाग दिया। उन्होंने अपने मार्कर को छकाने के बाद बॉक्स के अंदर से शानदार शॉट लगाया जो सीधे गोलपोस्ट की छत में जाकर लगा। इस गोल ने ब्राजील को मुकाबले में वापस ला दिया।
दूसरे हाफ में छिड़ी रणनीतिक लड़ाई
दूसरे हाफ में मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण हो गया। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने पीले कार्ड के खतरे को देखते हुए फैबिन्हो और डेनिलो को मैदान पर उतारा। दूसरी ओर मोरक्को ने 19 वर्षीय समीर एल मौराबेट को मौका दिया। युवा खिलाड़ी ने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन किया। ब्राजील ने अंतिम मिनटों में जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया। राफिन्हा ने भी एक बेहतरीन मौका बनाया लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बुनू दीवार बनकर खड़े रहे।
बुनू बने मोरक्को के हीरो
मोरक्को के गोलकीपर यासीन बुनू ने कई महत्वपूर्ण बचाव किए। अंतिम क्षणों में उन्होंने लगातार दो शानदार सेव कर ब्राजील को जीत से वंचित कर दिया। ड्रॉ के बाद ग्रुप-सी में ब्राजील और मोरक्को दोनों ने एक-एक अंक अर्जित किया। यह नतीजा ब्राजील के लिए किसी झटके से कम नहीं माना जा रहा क्योंकि उसे टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
भारत में ब्राजील मैच के दौरान फैंस का गुस्सा फूटा
ब्राजील और मोरक्को का मुकाबला केवल मैदान पर ही चर्चा में नहीं रहा। भारत में मैच की लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान भी बड़े पैमाने पर तकनीकी समस्याएं देखने को मिलीं। कई दर्शकों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि मैच के दौरान एप क्रैश हो गया, लगातार बफरिंग हुई और लॉगिन संबंधी दिक्कतें सामने आईं। एक नाराज प्रशंसक ने लिखा, 'ब्राजील बनाम मोरक्को जैसा सबसे बड़ा मुकाबला देख रहा था और उसी दौरान प्लेटफॉर्म क्रैश हो गया।' फुटबॉल प्रेमियों का मानना है कि विश्वकप जैसे बड़े आयोजन के लिए प्लेटफॉर्म को बेहतर तैयारी करनी चाहिए थी।
कतर ने स्विटजरलैंड की जीत छीन ली
ग्रुप मुकाबले में स्विटजरलैंड और कतर के बीच भी बेहद दिलचस्प संघर्ष देखने को मिला। स्विस टीम पूरे मैच में बेहतर नजर आई और अधिकांश समय तक जीत की ओर बढ़ रही थी। हालांकि मैच के अंतिम चरण में कतर के कप्तान बुआलेम खुखी ने गोल कर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया। इस गोल ने स्विटजरलैंड से दो महत्वपूर्ण अंक छीन लिए।
कतर ने हासिल किया ऐतिहासिक परिणाम
विश्वकप इतिहास में यह कतर के लिए बेहद खास क्षण साबित हुआ। 2022 में मेजबान रहने के बाद दूसरी बार विश्वकप खेल रही कतर की टीम ने विश्वकप में अपना पहला अंक हासिल किया। मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के कारण कतर की तैयारियां भी प्रभावित हुई थीं और उसके दो अभ्यास मैच रद्द हो गए थे। इसके बावजूद टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाया।
93:59 - Boualem Khoukhi’s equaliser for Qatar is the third-latest equaliser in the group stages of the FIFA World Cup on record (since 1966), behind only Silvestre Varela for Portugal v USA in 2014 (94:34) and Luis Hernández for Mexico v Netherlands in 1998 (94:04).
— OptaJoe (@OptaJoe) June 13, 2026
Upset. pic.twitter.com/Fou7EI2eZR
स्विटजरलैंड के लिए खतरे की घंटी
स्विटजरलैंड लगातार चौथी बार नॉकआउट चरण में पहुंचने का सपना देख रहा है। लेकिन कतर के खिलाफ दबदबे के बावजूद जीत हासिल नहीं कर पाना टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है। कोच मूरत याकिन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि टीम मौके बनाने के साथ-साथ उन्हें गोल में भी बदल सके।
🇶🇦𝐐𝐚𝐭𝐚𝐫 𝟏-𝟏 𝐒𝐰𝐢𝐭𝐳𝐞𝐫𝐥𝐚𝐧𝐝🇨🇭
— Opta Analyst (@OptaAnalyst) June 13, 2026
A stoppage-time header from captain Boualem Khoukhi earns Qatar their first ever World Cup point.
The Swiss pay for their wastefulness. Their total of 26 shots was the most they have had in a World Cup game on record (since 1966). pic.twitter.com/0z6N2kaPtV
शुरुआती दौर में ही बढ़ गया रोमांच
विश्वकप 2026 के शुरुआती मुकाबलों ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार कोई भी मैच आसान नहीं होने वाला। इंग्लैंड चोरी की घटना से जूझ रहा है, ब्राजील को मोरक्को ने रोक दिया है और स्विटजरलैंड जीत के करीब पहुंचकर भी फिसल गया।
इन नतीजों ने न केवल अंक तालिका को दिलचस्प बनाया है बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि विश्वकप में छोटी से छोटी चूक किसी भी बड़ी टीम की मुश्किलें बढ़ा सकती है। आने वाले दिनों में अर्जेंटीना, फ्रांस, पुर्तगाल और इंग्लैंड जैसी दिग्गज टीमों के मुकाबलों पर दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी।