FIFA World Cup: विश्वकप इतिहास के टॉप स्कोरर; एमबाप्पे को पछाड़ने के लिए मेसी को फाइनल में चाहिए कितने गोल?
फीफा विश्व कप 2026 में गोलों के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। किलियन एम्बाप्पे ने 22 गोल के साथ विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जबकि लियोनल मेसी 21 गोल के साथ उनके ठीक पीछे हैं। अब फाइनल में दोनों रिकॉर्ड चर्चा के केंद्र में हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 1930 से दुनिया के महानतम फुटबॉलरों का सबसे बड़ा मंच रहा है। इस टूर्नामेंट में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने गोलों से इतिहास रचा, लेकिन 2026 विश्व कप ने गोल रिकॉर्ड की तस्वीर पूरी तरह बदल दी। लंबे समय तक 16 गोल के साथ शीर्ष पर रहे जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज को पहले लियोनेल मेसी और फिर किलियन एमबाप्पे ने पीछे छोड़ दिया। अब विश्व कप फाइनल से पहले नजर इस बात पर है कि क्या मेसी एक बार फिर एमबाप्पे से आगे निकल पाएंगे।
किलियन एमबाप्पे: नए नंबर-1 गोल स्कोरर
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे ने 2026 विश्व कप में 10 गोल दागकर अपने कुल गोलों की संख्या 22 पहुंचा दी। उन्होंने 2018 में चार, 2022 में आठ और 2026 में 10 गोल किए। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 22 मैचों में हासिल की और विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए।
लियोनल मेसी: फाइनल में रिकॉर्ड वापस लेने का मौका
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी छह विश्व कप खेल चुके हैं और उनके नाम 33 मैचों में 21 गोल दर्ज हैं। 2026 संस्करण में उन्होंने आठ गोल किए और क्लोज का रिकॉर्ड तोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन एमबाप्पे बाद में उनसे आगे निकल गए। अब स्पेन के खिलाफ फाइनल में मेसी के पास फिर से नंबर-1 बनने का सुनहरा मौका होगा। उन्हें इसके लिए दो गोल की दरकार है।
क्लोज और रोनाल्डो अब तीसरे-चौथे स्थान पर
जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज 16 गोल के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उन्होंने चार विश्व कप में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं ब्राजील के महान स्ट्राइकर रोनाल्डो नजैरियो 15 गोल के साथ चौथे स्थान पर हैं। 2002 विश्व कप में उनके आठ गोल ब्राजील को चैंपियन बनाने में निर्णायक साबित हुए थे।
हैरी केन, गर्ड मुलर और जस्ट फोंटेन भी दिग्गजों में शामिल
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन 14 गोल के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। उनके बराबर पश्चिम जर्मनी के महान स्ट्राइकर गर्ड मुलर भी हैं, जिन्होंने सिर्फ 13 मैचों में 14 गोल किए थे। फ्रांस के जस्ट फोंटेन आज भी एक विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा 13 गोल करने के रिकॉर्ड के लिए याद किए जाते हैं, जो उन्होंने 1958 में सिर्फ छह मैचों में बनाए थे।
अब सभी की निगाहें स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले फाइनल पर टिकी हैं। अगर मेसी इस मुकाबले में दो या उससे अधिक गोल करते हैं तो वह एमबाप्पे को पीछे छोड़कर एक बार फिर विश्व कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बन सकते हैं।
फीफा विश्व कप इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी | देश | कुल गोल | विश्व कप में गोल | मैच |
|---|---|---|---|---|
| किलियन एमबाप्पे | फ्रांस | 22 | 2018 – 4, 2022 – 8, 2026 – 10 | 22 |
| लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 21 | 2006 – 1, 2010 – 0, 2014 – 4,
2018 – 1, 2022 – 7, 2026 – 8* |
33 |
| मिरोस्लाव क्लोज | जर्मनी | 16 | 2002 – 5, 2006 – 5,
2010 – 4, 2014 – 2 |
24 |
| रोनाल्डो | ब्राजील | 15 | 1994 – 0, 1998 – 4,
2002 – 8, 2006 – 3 |
19 |
| हैरी केन | इंग्लैंड | 14 | 2018 – 6, 2022 – 2,
2026 – 6 |
18 |
| गर्ड मुलर | पश्चिम जर्मनी | 14 | 1970 – 10, 1974 – 4 | 13 |
| जस्ट फोंटेन | फ्रांस | 13 | 1958 – 13 | 6 |