Globe Soccer Awards: ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स में किस फुटबॉलर का जलवा, रोनाल्डो-डेम्बेले या यमाल? विजेताओं की सूची
ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स 2025 में पेरिस सेंट जर्मेन का वर्चस्व स्पष्ट रहा। डेम्बेले ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर, क्लब ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्लब और एनरिके ने सर्वश्रेष्ठ कोच का खिताब जीता। रोनाल्डो ने मिडिल ईस्ट में अपनी बादशाहत बरकरार रखी, जबकि लामिन यमाल जैसे युवा सितारों ने भविष्य की झलक दिखाई।
विस्तार
पीएसजी के लिए शानदार और निर्णायक सीजन खेलने वाले ओस्मान डेम्बेले को बेस्ट मेल प्लेयर चुना गया। उन्होंने किलियन एम्बाप्पे, लामिन यमाल, विटिन्हा और राफिन्हा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा। पूरे सीजन में उनकी निरंतरता और मैच जिताने वाली भूमिका ने उन्हें इस अवॉर्ड का प्रबल दावेदार बना दिया।
रोनाल्डो का मिडिल ईस्ट में दबदबा बरकरार
40 वर्ष की उम्र में भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और अवॉर्ड अपने साथ जोड़ा। अल-नस्र के लिए खेलते हुए उन्हें बेस्ट मिडिल ईस्टर्न प्लेयर का सम्मान मिला। मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ सऊदी अरब में उनके खेल और व्यावसायिक प्रभाव को भी इस अवॉर्ड में सराहा गया। इस श्रेणी में उन्होंने करीम बेंजेमा, रियाद महरेज और सालेम अल-दवसारी को पछाड़ा।
समारोह में पीएसजी की छाप हर स्तर पर दिखी। क्लब को बेस्ट मेल क्लब चुना गया, जबकि लुइस एनरिके को बेस्ट कोच का अवॉर्ड मिला। एनरिके को उन रणनीतियों के लिए अवॉर्ड मिला, जिनसे टीम ने घरेलू और यूरोपीय स्तर पर सफलता हासिल की। मिडफील्ड में नियंत्रण के लिए विटिन्हा को बेस्ट मिडफील्डर चुना गया, जिससे पीएसजी का दबदबा और पुख्ता हुआ।
बार्सिलोना के युवा फॉरवर्ड लामिन यमाल ने बेस्ट फॉरवर्ड का खिताब जीता और अपने तेज उभार की पुष्टि की। वहीं पीएसजी के डेसायर डूए को इमर्जिंग प्लेयर चुना गया, जो भविष्य के सितारों में गिने जा रहे हैं।
बाएं से- विटिन्हा, डेम्बेले, डूए
महिला फुटबॉल और अन्य सम्मान
महिला वर्ग में आइताना बोनमाती (बार्सिलोना) को बेस्ट फीमेल प्लेयर और बार्सिलोना को बेस्ट फीमेल क्लब चुना गया। अन्य प्रमुख सम्मानों में जॉर्ज मेंडेस (बेस्ट एजेंट), लुइस कैंपोस (बेस्ट स्पोर्टिंग डायरेक्टर), नासिर अल-खेलाफी (बेस्ट स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट) शामिल रहे। पॉल पोग्बा को बेस्ट स्पोर्टिंग कमबैक, पुर्तगाल को बेस्ट नेशनल टीम, जबकि हिदेतोशी नाकाटा और आंद्रे इनिएस्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट से नवाजा गया।
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर: ओस्मान डेम्बेले (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबॉलर: आइताना बोनमाती (बार्सिलोना)
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्लब: PSG
- सर्वश्रेष्ठ महिला क्लब: बार्सिलोना
- सर्वश्रेष्ठ कोच: लुइस एनरिके (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर: विटिन्हा (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड: लामिन यमाल (बार्सिलोना)
- सर्वश्रेष्ठ मिडिल ईस्टर्न प्लेयर: क्रिस्टियानो रोनाल्डो (अल-नस्र)
- सर्वश्रेष्ठ एमर्जिंग फुटबॉलर: डेसायर डूए
- सर्वश्रेष्ठ एजेंट: जॉर्ज मेंडिस
- सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट: नासिर अल-खेलाफी (पेरिस सेंट-जर्मेन)
- सर्वश्रेष्ठ कंटेंट क्रिएटर: बिलाल हलाल
- सर्वश्रेष्ठ एकेडमी: राइट टू ड्रीम
- लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: हिदेतोशी नाकाटा और आंद्रेस इनिएस्ता
- सर्वश्रेष्ठ ब्रांडिंग: लॉस एंजिलिस फुटबॉल क्लब
- सर्वश्रेष्ठ मेंटल कोच: निकोलेट्टा रोमानाजी
- सर्वश्रेष्ठ नेशनल टीम: पुर्तगाल
- सर्वश्रेष्ठ स्पोर्टिंग कमबैक: पॉल पोग्बा