क्या फीफा सच में अर्जेंटीना का पक्ष ले रहा है?: विवाद पर पहली बार बोले लियोनल मेसी, आलोचकों को दिया करारा जवाब
फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना को लेकर लगातार लग रहे पक्षपात और फिक्सिंग के आरोपों पर कप्तान लियोनल मेसी ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जीतकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने के बाद मेसी ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा कि टीम ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आलोचकों को जवाब देते हुए आठ बार के बैलन डी'ऑर विजेता मेसी ने कहा, 'जिसे बुरा लगना है, लगे। पिछले चार साल से हम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम रहे हैं, चाहे लोगों को पसंद आए या नहीं। हम एक बार फिर दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हैं। इससे साबित होता है कि हमने जो कुछ हासिल किया है, वह संयोग नहीं है और हमें किसी ने कुछ नहीं दिया। लगातार दो विश्व कप फाइनल में पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं होती और हमारी टीम ने यह कर दिखाया है।'
🚨🗣️ 𝗡𝗘𝗪: Lionel Messi on the media and people saying that Argentina is ‘favoured’ by FIFA:
— The Touchline | 𝐓 (@TouchlineX) July 15, 2026
"No... It’s insane what we’ve achieved. Five finals in a row, two World Cup finals in a row... We’ve been the BEST over the last four years."
"Whoever it upsets, whatever they say,… pic.twitter.com/tgS4Za68Qj
मेसी ने कहा कि अगर अर्जेंटीना इंग्लैंड से हार जाता तो आलोचक एक बार फिर अलग-अलग कहानियां गढ़ते। उन्होंने कहा, 'अगर हम इंग्लैंड से हार जाते तो लोग फिर तरह-तरह की बकवास करते और हमने उन्हें ऐसा मौका नहीं दिया। हमें पता था कि फुटबॉल के लिहाज से हम उनसे बेहतर हैं। हालांकि, इस स्तर के मुकाबलों में बहुत कुछ दांव पर होता है और ऐसे मैचों में इतिहास बनता है।'
इस विश्व कप में अर्जेंटीना के कुछ मैचों के दौरान रेफरी और वीएआर के फैसलों को लेकर विवाद खड़े हुए थे। अल्जीरिया के खिलाफ मेसी की एक स्टड्स-अप चुनौती पर कार्रवाई नहीं होने और मिस्र तथा स्विट्जरलैंड के खिलाफ वीएआर के कुछ फैसलों के बाद सोशल मीडिया पर फीफा पर पक्षपात के आरोप लगाए जाने लगे। हालांकि फीफा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद मेसी ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना को भी याद किया। उन्होंने कहा, 'बिल्कुल, डिएगो ऊपर से इस जीत का आनंद ले रहे होंगे। आज का दिन उनके लिए बहुत खास था। उन्हें यह खुशी दे पाना हमारे लिए गर्व की बात है। वह ऊपर से जैसे भी इसे देख रहे हों, इसका आनंद लें। यह जीत उनके लिए भी एक तोहफा है।' अब अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। फाइनल में उसका सामना स्पेन से होगा, जहां मेसी के पास अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ने का मौका होगा।