CWG 2026: क्या भारत का गलत नक्शा दिखाना पड़ा भारी? लवलीना की आपत्ति के बाद ग्लास्गो के रेस्तरां ने लिया U-टर्न
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन ने ग्लासगो के एक भारतीय रेस्टोरेंट में इस्तेमाल किए गए भारत के गलत नक्शे पर आपत्ति जताई। वीडियो वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट ने सार्वजनिक माफी मांगी, लोगो बदलने का ऐलान किया और कुछ ही देर बाद उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी हट गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल रहे। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पूरी टीम ग्लासगो के प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां में डिनर के लिए पहुंची थी। इसी दौरान लवलीना की नजर नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर गई, जिसमें पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लवलीना ने रेस्तरां प्रबंधन से शांत लेकिन स्पष्ट शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'कृपया मेरी बात का गलत मतलब मत निकालिए। मुझे यह देखकर दुख हुआ कि भारत के नक्शे में हमारा पूर्वोत्तर हिस्सा नहीं है। बाहर लगे नक्शे में भी यही गलती है। मैं पूर्वोत्तर भारत से आती हूं और यह हमें बहुत आहत करता है। अगली बार कृपया इस बात का ध्यान रखिए। धन्यवाद।' उनका यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रेस्टोरेंट की आलोचना की और सही नक्शा इस्तेमाल करने की मांग की।
लवलीना के बाद भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्तरां द्वारा इस्तेमाल किए गए नक्शे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नैपकिन पर केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी अधूरा चित्रण किया गया है। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से अपील करते हुए कहा, 'सिर्फ नॉर्थ ईस्ट नहीं, इसमें कश्मीर भी पूरा नहीं है। गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन तुरंत हटाए जाएं और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल किया जाए।'
You'd expect an Indian restaurant to know what India looks like. Apparently not. Even worse, they've printed the incorrect version on their hand towels too 🤦♀️
— Nabila Jamal (@nabilajamal_) August 2, 2026
Awkward moment after India's Commonwealth Games success...At a celebratory dinner in Glasgow, boxer Lovlina Borgohain… pic.twitter.com/MhkKvN9jpI
विवाद बढ़ने के बाद रेस्तरां ने आधिकारिक बयान जारी कर बिना किसी शर्त के माफी मांगी। प्रबंधन ने कहा, 'हम अपने भारतीय मूल और विरासत पर गर्व करते हैं। सबसे पहले हम भारत का गलत नक्शा दिखाने के लिए बिना किसी शर्त के माफी मांगते हैं। इसे तुरंत ठीक करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हमारा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।'
रेस्तरां ने आगे कहा, हम सही नक्शे के साथ अपना लोगो बदलेंगे। भारतीय टीम की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात थी। खिलाड़ियों और मेहमानों ने शाम का भरपूर आनंद लिया और ये यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी।'
रेस्तरां की ओर से माफी जारी किए जाने के कुछ ही समय बाद उसका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अकाउंट स्थायी रूप से हटाया गया है या अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा लगातार जारी है।