सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Jannik Sinner becomes 1st Italian man to win Italian Open in 50 years

Italian Open: 50 साल बाद इटैलियन ओपन का ताज इटली के नाम, यानिक सिनर ने रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रोम Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 18 May 2026 12:24 AM IST
विज्ञापन
सार

यानिक सिनर ने इटैलियन ओपन 2026 का खिताब जीतकर 50 साल बाद किसी इतालवी पुरुष खिलाड़ी को यह ट्रॉफी दिलाई। साथ ही वह नोवाक जोकोविच के बाद सभी नौ एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।

Jannik Sinner becomes 1st Italian man to win Italian Open in 50 years
यानिक सिनर - फोटो : @atptour
विज्ञापन

विस्तार

स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने इतिहास रचते हुए इटैलियन ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। रोम के प्रतिष्ठित फोरो इटालिको में खेले गए फाइनल मुकाबले में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी सिनर ने नॉर्वे के कैस्पर रुड को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराया। इस जीत के साथ सिनर पिछले 50 वर्षों में इटैलियन ओपन जीतने वाले पहले इतालवी पुरुष खिलाड़ी बन गए। इससे पहले 1976 में एड्रिआनो पनाटा ने यह खिताब जीता था।

नोवाक जोकोविच के खास रिकॉर्ड की बराबरी
सिनर की यह जीत सिर्फ घरेलू खिताब तक सीमित नहीं रही। उन्होंने टेनिस इतिहास में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। अब वह नोवाक जोकोविच के बाद ऐसे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने सभी नौ एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट जीत लिए हैं। जोकोविच ने यह उपलब्धि 2018 में हासिल की थी, जबकि 24 वर्षीय सिनर ने कम उम्र में ही इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

विज्ञापन
विज्ञापन

लगातार 29वीं जीत, फ्रेंच ओपन के लिए मजबूत दावेदारी
सिनर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने लगातार 29वां मैच जीता और इस साल क्ले कोर्ट पर उनका रिकॉर्ड 17-0 हो गया है। उनकी आखिरी हार फरवरी में कतर ओपन के दौरान जैकुब मैन्सिक के खिलाफ हुई थी। अब सभी की नजरें अगले सप्ताह शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन पर हैं, जहां सिनर खिताब के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। रोलां गैरो ही एकमात्र ग्रैंड स्लैम है जिसे वह अभी तक नहीं जीत पाए हैं।

दर्शकों ने बनाया फुटबॉल जैसा माहौल
फाइनल मुकाबले के दौरान रोम का सेंट्रल कोर्ट पूरी तरह सिनर के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में फैंस नारंगी कपड़ों में पहुंचे, जो सिनर का सिग्नेचर कलर माना जाता है। मैच के दौरान स्टेडियम में लगातार सिनर-सिनर के नारे गूंजते रहे। इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला भी मुकाबला देखने पहुंचे थे। खिताब जीतने के बाद सिनर ने कहा, '50 साल बाद यह ट्रॉफी फिर इटली आई है। यह मेरे और पूरे देश के लिए बेहद खास पल है।'

कैस्पर रुड की चुनौती भी पड़ी फीकी
दो बार फ्रेंच ओपन फाइनल खेल चुके रुड ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत की थी और शुरुआती बढ़त भी बनाई, लेकिन सिनर ने शानदार वापसी करते हुए मैच पर पूरी पकड़ बना ली। दूसरे सेट में दमदार बैकहैंड विनर के जरिए सिनर ने निर्णायक बढ़त हासिल की। करियर में अब उनका रिकॉर्ड रुड के खिलाफ 5-0 हो गया है। मैच के बाद रुड ने कहा, 'जो आप इस साल कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इतिहास रचने के लिए बधाई।'

पुरुष युगल खिताब भी इटली के नाम
इटली के लिए यह दिन और भी खास बन गया जब सिमोन बोलेली और एंड्रिया वावासोरी की जोड़ी ने पुरुष युगल खिताब भी जीत लिया। दोनों ने फाइनल में मार्सेल ग्रानोलर्स और होरासियो जेबालोस को 7-6 (8), 6-7 (3), 10-3 से हराया। 1960 के बाद यह पहला मौका है जब किसी इतालवी जोड़ी ने रोम में पुरुष युगल खिताब जीता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed