Tokyo Paralympics: तीरंदाजी में पहली बार पदक, अवनि ने भी रचा इतिहास, जानें पदक तालिका में भारत की स्थिति
टोक्यो में जारी पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत की झोली में 10वें दिन तीन पदक आए। इसके साथ ही उसके पदकों की संख्या बढ़कर 13 पदक हो गई है

विस्तार
टोक्यो में जारी पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत की झोली में 10वें दिन तीन पदक आए। इसके साथ ही उसके पदकों की संख्या बढ़कर 13 पदक हो गई है जिसके बाद भारत ने अपने सर्वकालिक 12 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। भारत ने इससे पहले सभी पैरालंपिक खेलों में कुल मिलाकर 12 पदक जीते थे लेकिन इस बार 10 दिन में ही उसके 13 पदक हो गए हैं। भारतीय खिलाड़ी रोज यहां नया इतिहास रच रहे हैं और पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर रहे हैं।

बात करें 10वें दिन के भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तो सबसे पहले प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में रजत पदक जीता। इसके बाद निशानेबाजी में एक बार फिर से अवनि लेखरा ने पदक जीता, इस बार उन्होंने कांस्य अपनी झोली में डाला। वहीं दिन के अंत में हरविंदर सिंह ने भारत के लिए तीरंदाजी में पहली बार पदक जीता। आइए जानते हैं पदक तालिका में भारत का हाल।
पदक तालिका में कितने नंबर पर भारत
भारत पदक तालिका में अब 37वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत ने अभी तक एथलेटिक्स में आठ, निशानेबाजी में तीन, टेबल टेनिस में एक और तीरंदाजी में एक पदक जीते हैं। भारत के खाते में दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य आए हैं। वहीं, चीन 184 पदकों (85 गोल्ड, 53 सिल्वर और 46 ब्रॉन्ज) के साथ शीर्ष पर बरकरार है। दूसरे व तीसरे नंबर पर क्रमशः ग्रेट ब्रिटेन (37 गोल्ड, 34 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज, कुल 111 पदक) और अमेरिका (34 गोल्ड, 34 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज, कुल 92 पदक) हैं।