Apple iOS 26.4: आईफोन में आने वाला है अब तक का सबसे बड़ा अपडेट, देखने को मिलेंगे ये बड़े बदलाव
Apple iOS 26.4: आईफोन यूजर्स के लिए बड़ी अपडेट आने वाली है। एपल जल्द ही आईओएस 26.4 लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसे हाल के वर्षों का सबसे अहम सॉफ्टवेयर अपडेट माना जा रहा है। इस अपडेट के साथ सिरी पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी हो जाएगी। रिपोर्ट्स की मानें तो फरवरी के आखिर तक इसका बीटा वर्जन आ सकता है और मार्च के अंत तक सभी यूजर्स को यह अपडेट मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
आईफोन यूजर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। एपल जल्द ही अपना नया सॉफ्टवेयर अपडेट 'आईओएस 26.4' लाने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि यह पिछले कुछ वर्षों का सबसे बड़ा और जरूरी अपडेट होगा। इसमें आईफोन की वॉइस असिस्टेंट 'सिरी' (Siri) पहले से कहीं ज्यादा समझदार हो जाएगी और साथ ही फोन में कमाल के नए सिरी फीचर्स भी जुड़ेंगे। अब सिरी सिर्फ बेसिक सवालों के जवाब नहीं देगी बल्कि पहले से कहीं ज्यादा समझदार और तेज हो जाएगी। कंपनी इसमें एपल इंटेलिजेंस के ऐसे नए और एडवांस फीचर्स जोड़ रहा है जिससे सिरी आपके कहने से पहले ही आपके काम समझने लगेगी। चाहे एप्स के बीच तालमेल बिठाना हो या आपके फोन के अंदर मौजूद जानकारी को ढूंढना, यह नया अपडेट आईफोन चलाने के अंदाज को पूरी तरह बदल देगा।
कब होगा रिलीज? (आईओएस 26.4 बीटा टाइमलाइन)
ब्लूमबर्ग की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, एपल का यह नया अपडेट फरवरी के आखिरी हफ्ते तक आ सकता है। मार्च की शुरुआत में इसे टेस्टिंग के लिए जारी किया जाएगा और अगर सब कुछ ठीक रहा तो मार्च खत्म होने तक यह अपडेट आप सभी के आईफोन में मिल जाएगा। आने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट में आपको ये बदलाव देखने तो मिलेंगे-
1. पहले से ज्यादा समझदार सिरी (स्मार्टर सिरी)
इस नए अपडेट में 'सिरी' पहले से बहुत ज्यादा स्मार्ट हो जाएगी। अब वह आपके काम करने के तरीके और आपकी निजी जानकारियों को बेहतर समझ पाएगी। इसका फायदा यह होगा कि सिरी खुद आपके मैसेज, ईमेल और नोट्स से जानकारी ढूंढ लेगी। आपको पुरानी चीजें खोजने के लिए अलग-अलग एप्स खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस सिरी से पूछना होगा और वह आपको जवाब दे देगी।
ये भी पढ़ें: Deep-Tech Policy: भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स को बड़ी राहत, सरकार ने बदला 10 साल पुराना नियम
2. ऑन-स्क्रीन अवेयरनेस (ऑन-स्क्रीन अवेयरनेस)
नए अपडेट के बाद सिरी यह देख पाएगी कि आपके फोन की स्क्रीन पर इस वक्त क्या खुला है। जैसे- अगर आप कोई फोटो देख रहे हैं तो आप बस सिरी से कह सकते हैं, 'इसे मेरे दोस्त को भेज दो' या 'इसका रिमाइंडर लगा दो'। सिरी समझ जाएगी कि आप किस फोटो की बात कर रहे हैं और आपका काम फटाफट कर देगी।
3. एक साथ कई एप्स पर कंट्रोल (क्रॉस-एप एक्शंस)
अब सिरी एक साथ कई अलग-अलग एप्स में आपका काम कर पाएगी। आपको बस एक बार बोलना होगा और सिरी खुद फोटो को एडिट करके उसे सोशल मीडिया पर डाल देगी। इसी तरह, वह आपके ईमेल को पढ़कर उसमें लिखे किसी जरूरी काम को सीधे आपके कैलेंडर में सेव कर देगी। अब आपको एक एप से दूसरे एप में बार-बार जाने की जरूरत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें: Tech Explained: क्या है Claude Cowork, क्यों महज एक एआई टूल से खौफ में हैं आईटी कंपनियां?
4. जबरदस्त सिरी फीचर्स (एपल इंटेलिजेंस)
एपल अपने नए अपडेट में बहुत ही एडवांस सिरी (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) ला रहा है, जिससे आपका फोन अब और भी तेजी से और सही तरीके से काम करेगा। इस तकनीक को बेहतर बनाने के लिए एपल ने गूगल की मदद ली है, जिससे 'सिरी' की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी। अच्छी बात यह है कि एपल ने वादा किया है कि इस दौरान आपके डेटा और प्राइवेसी को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा।
5. नए मजेदार इमोजी
हर बार की तरह इस अपडेट में भी कुछ नए और मजेदार इमोजी आ रहे हैं। इस बार आपको खजाने की पेटी (ट्रेजर चेस्ट), खाया हुआ सेब (एपल कोर) और लड़ाई के दौरान उठने वाले धुएं के बादल (फाइट क्लाउड) जैसे अनोखे इमोजी मिलेंगे, जिन्हें आप मैसेज या सोशल मीडिया पर इस्तेमाल कर पाएंगे।
कुल मिलाकर कहें तो नया अपडेट न केवल आपके आईफोन चलाने के अनुभव को आसान बनाएगा, बल्कि यह भी दिखाएगा कि भविष्य में एपल अपनी सिरी तकनीक से हमारे काम को कितना ज्यादा सरल बनाने वाला है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadget news and mobile reviews, apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news in hindi from Tech and more Hindi News.