उमंग एप में आया 'मेरा राशन' फीचर: अब मोबाइल से देखें राशन कार्ड डिटेल, नजदीकी दुकान और हिस्ट्री
UMANG App Mera Ration Feature: सरकारी एप उमंग में अब 'मेरा राशन' फीचर जुड़ गया है। अब राशन कार्ड धारक घर बैठे अपने स्मार्टफोन से ही राशन का कोटा, नजदीकी सरकारी दुकान और अपनी पुरानी हिस्ट्री आसानी से चेक कर सकते हैं। 'वन नेशन वन राशन कार्ड' योजना को मजबूत करने वाला यह नया अपडेट खासतौर पर प्रवासी मजदूरों के लिए एक बड़ी राहत है।
विस्तार
भारत सरकार अपनी सेवाओं को डिजिटल और आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में मशहूर सरकारी एप उमंग में अब 'मेरा राशन' फीचर को जोड़ दिया गया है। इस नए अपडेट का सीधा फायदा राशन कार्ड धारकों को होगा। अब आपको अपना राशन कार्ड हर जगह साथ लेकर घूमने या छोटी-छोटी जानकारी के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सारी डिटेल्स अब आपके स्मार्टफोन पर ही उपलब्ध हैं।
'मेरा राशन' सेवा क्या है?
उमंग एप पर आया ये नया मेरा राशन फीचर यूजर्स को घर बैठे ऑनलाइन राशन कार्ड से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं देता है। इस सर्विस की मदद से आप बड़ी आसानी से अपने आस-पास मौजूद सरकारी राशन की दुकान की लोकेशन ढूंढ सकते हैं। इसके साथ ही, एप में सिर्फ अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करके यह भी चेक किया जा सकता है कि आप कोटे के तहत कितना गेहूं, चावल या अन्य अनाज पाने के हकदार हैं। यही नहीं, ये फीचर आपको अपनी पुरानी राशन हिस्ट्री ट्रैक करने की सुविधा भी देता है। इससे आप आसानी से जान सकते हैं कि पिछले महीनों में आपने कब और कितनी मात्रा में राशन लिया था।
एप पर 'मेरा राशन' फीचर का इस्तेमाल कैसे करें?
इसे इस्तेमाल करने का तरीका बेहद आसान है। बस इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर या एपल एप स्टोर से उमंग एप डाउनलोड करें।
- एप खोलकर अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें।
- अकाउंट की सुरक्षा के लिए अपना 4 अंकों का MPIN सेट करें।
- लॉग-इन करने के बाद, होम पेज पर दिए गए सर्च बॉक्स में मेरा राशन सर्च करें।
- यहां आपको राशन कार्ड की कई सेवाएं दिखेंगी। अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करें और जानकारी प्राप्त करें। (राशन कार्ड नंबर न होने पर आप आधार कार्ड की डिटेल से भी जानकारी निकाल सकते हैं।)
यूजर्स के लिए इसके बड़े फायदे
ये फीचर खास तौर पर प्रवासी मजदूरों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सरकार की 'वन नेशन वन राशन कार्ड' (ONORC) योजना के तहत, काम के सिलसिले में दूसरे राज्यों में जाने वाले लोग अब इस एप के जरिए आसानी से चेक कर सकते हैं कि उन्हें नई जगह पर किस दुकान से राशन मिलेगा। इसके अलावा, इस एप से राशन वितरण प्रणाली में काफी पारदर्शिता भी आएगी। अक्सर दुकानदार स्टॉक खत्म होने या सर्वर डाउन होने का बहाना बनाते हैं लेकिन अब आप सीधे एप पर ही राशन का स्टॉक चेक कर सकते हैं। धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए भी इसमें पुख्ता इंतजाम है। जब आप फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) के जरिए अपना राशन लेते हैं तो तुरंत आपके मोबाइल पर कंफर्मेशन SMS आ जाता है। इससे यह पूरी तरह पक्का हो जाता है कि राशन सही और जरूरतमंद व्यक्ति के हाथों में ही गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X