WhatsApp Username: व्हाट्सएप यूजरनेम पसंद नहीं आया? 1 मिनट में ऐसे हटाएं या बदलें; बेहद आसान है ये तरीका!
How to Delete or Change Your WhatsApp Username: व्हाट्सएप ने यूजर्स के लिए यूजरनेम फीचर पेश किया है, जिससे बिना मोबाइल नंबर शेयर किए चैट करना संभव होगा। फिलहाल यूजर्स अपना यूजरनेम रिजर्व कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उसे बदल या डिलीट भी कर सकते हैं। जानिए व्हाट्सएप यूजरनेम हटाने या बदलने का आसान तरीका, इस फीचर के फायदे और इसे लेकर सरकार की जांच व संभावित रोक से जुड़ी पूरी जानकारी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
व्हाट्सएप ने हाल ही में अपने यूजर्स की प्राइवेसी को और बेहतर बनाने के लिए एक शानदार यूजरनेम फीचर पेश किया है। इस फीचर की मदद से आप बिना अपना पर्सनल फोन नंबर शेयर किए किसी से भी चैट कर सकेंगे।
भले ही यह फीचर इस साल के अंत तक पूरी तरह से सभी के लिए रोलआउट होगा, लेकिन यूजर्स को एप की सेटिंग्स में अभी से अपना मनपसंद यूजरनेम बुक करने का मौका मिल रहा है। अगर आपने कोई यूजरनेम चुन लिया है और अब आप उसे हटाना या बदलना चाहते हैं, तो इसका तरीका बहुत ही आसान है।
व्हाट्सएप यूजरनेम कैसे डिलीट या चेंज करें?
अगर आप अपना मौजूदा यूजरनेम हटाना चाहते हैं, तो बस इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
- व्हाट्सएप खोलें: सबसे पहले अपने फोन में व्हाट्सएप ओपन करें।
- प्रोफाइल पर जाएं: स्क्रीन पर दाईं तरफ नीचे दिख रहे प्रोफाइल वाले आइकन पर क्लिक करें।
- यूजरनेम चुनें: अब स्क्रीन पर सबसे ऊपर आपको अपना यूजरनेम दिखाई देगा, उस पर टैप करें।
- एडिट आइकन दबाएं: इसके बाद दाईं ओर सबसे ऊपर दिए गए एडिट आइकन पर क्लिक करें।
- बदलें या हटाएं: अब आपको यहां अपना यूजरनेम डिलीट करने या कोई नया यूजरनेम टाइप करके उसे बदलने का विकल्प मिल जाएगा।
नोट: फिलहाल यूजरनेम बदलने या सेट करने की यह सुविधा व्हाट्सएप वेब पर उपलब्ध नहीं है। यह सिर्फ मोबाइल एप पर काम करेगी।
इस नए फीचर के क्या फायदे हैं?
- नंबर रहेगा सेफ: यह फीचर खास तौर पर नए लोगों से बात करने के लिए है। अब आपको हर किसी को अपना नंबर देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- पुराने दोस्तों को दिखेगा नंबर: जो लोग पहले से आपके फोन की कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव हैं, उन्हें आपका नंबर पहले की तरह ही दिखता रहेगा।
- सोशल मीडिया से लिंक: मेटा ने इसे और आसान बनाने के लिए यह सुविधा भी दी है कि आप अपने इंस्टाग्राम या फेसबुक वाले यूजरनेम को ही व्हाट्सएप के लिए भी चुन सकते हैं।
क्या भारत में इस फीचर पर रोक लग सकती है?
दरअसल, सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें आई हैं कि कुछ लोगों ने दूसरों के नाम पर यूजरनेम बुक कर लिए हैं। उदाहरण के लिए, किसी ने 'PMNarendraModi' तो किसी ने खुद व्हाट्सएप के नाम से यूजरनेम बना लिया है। सरकार का मानना है कि अगर इसका गलत इस्तेमाल हुआ, तो लोगों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी हो सकती है। इसलिए भारत में इस फीचर का पूरी तरह से लागू होना अभी थोड़ा मुश्किल लग रहा है।