Tim Cook Retirement: "मैं कहीं नहीं जा रहा"...एपल के सीईओ ने रिटायरमेंट की अफवाहों पर लगाया विराम
Tim Cook Retirement: काफी दिनों से टेक जगत में एपल के सीईओ टिम कुक के रिटायर होने की खबरें चल रहीं थी। अब आखिरकार इस पर स्पष्टीकरण आ गया है। खुद सीईओ टिम कुक ने ABC चैनल के शो गुड मॉर्निंग अमेरिका में बातचीत के दौरान में दौरान अपने रिटायरमेंट की स्थिति साफ की है।
विस्तार
हाल ही में ABC के शो गुड मॉर्निंग अमेरिका में बातचीत के दौरान टिम कुक ने अपने रिटायरमेंट की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। टिम कुक ने हाल ही में उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि वह जल्द ही एपल के सीईओ पद से इस्तीफा दे सकते हैं। कुक ने साफ कहा है कि उन्हें अपने काम से बेहद प्यार है और फिलहाल उनके रिटायर होने का कोई इरादा नहीं है।
"मैं अपने काम से बेहद प्यार करता हूं"
काफी समय से ऐसी रिपोर्ट्स सामने आ रही थीं कि टिम कुक, जो करीब 15 वर्ष से एपल की कमान संभाल रहे हैं, अब पद छोड़ने की योजना बना रहे हैं। लेकिन एक इंटरव्यू में कुक ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "नहीं, मैंने ऐसा कभी नहीं कहा। मुझे अपना काम बहुत पसंद है। 28 वर्ष पहले मैंने एपल जॉइन किया था और तब से हर दिन मुझे यह सफर पसंद आया है।"
एपल के बिना जीवन की कल्पना नहीं
टिम कुक ने यह भी साफ किया कि वह एपल के साथ अपने रिश्ते को सिर्फ एक नौकरी के रूप में नहीं देखते।
उन्होंने कहा, "मैं एपल के बिना जीवन की कल्पना नहीं कर सकता।" कुक ने अपनी टीम की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ काम करने वाले लोग उन्हें बेहतर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
2011 से संभाल रहे हैं कमान
वर्ष 2011 में स्टीव जॉब्स के बाद जब टिम कुक ने एपल के सीईओ का पद संभाला था, तब से उनके नेतृत्व में कंपनी ने जबरदस्त ग्रोथ हासिल की है। नए प्रोडक्ट्स और बेहतरीन सर्विसेज के दम पर एपल ने बाजार में अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली। इसका नतीजा यह हुआ कि कंपनी की वैल्यू करीब 350 अरब डॉलर से छलांग लगाकर 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई। हालांकि, इन शानदार उपलब्धियों के बीच इस वर्ष की शुरुआत में ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि कुक अब अपने काम का बोझ थोड़ा कम करना चाहते हैं। इन्हीं रिपोर्ट्स के आधार पर जॉन टर्नस को उनके संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था।
एपल के 50 वर्ष पूरे
एपल आगामी 1 अप्रैल 2026 को अपने 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है और इस ऐतिहासिक मौके के लिए कंपनी ने अभी से भव्य जश्न की शुरुआत कर दी है। इस जश्न की एक शानदार झलक न्यूयॉर्क के मशहूर एपल ग्रैंड सेंट्रल स्टोर में आयोजित एक खास कार्यक्रम में देखने को मिली। यहां जानी-मानी पॉप स्टार एलिसिया कीज ने अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। इस खास मौके को और भी यादगार बनाते हुए, टिम कुक ने 12 मार्च को "50 इयर्स ऑफ थिंकिंग डिफरेंट" नाम से एक ओपन लेटर भी शेयर किया। इसने एपल के आइकॉनिक 'थिंक डिफरेंट' कैंपेन की पुरानी यादें ताजा कर दीं। कुक ने अपने लेटर में लिखा, "50 साल पहले एक छोटे से गैरेज में एक बड़े विचार ने जन्म लिया था। एपल इसी विश्वास पर बना था कि टेक्नोलॉजी व्यक्तिगत होनी चाहिए और बस इसी एक सोच ने सब कुछ बदल कर रख दिया।"
कंपनी के अंदर क्यों मची है हलचल?
भले ही टिम कुक ने फिलहाल पद छोड़ने की बात नकार दी है, लेकिन एपल के टॉप मैनेजमेंट में हाल ही में हुए कई बड़े बदलावों ने पूरी टेक इंडस्ट्री में खलबली मचा दी है। एक तरफ जहां एपल के एआई प्रमुख जॉन जियानेंड्रिया ने कंपनी का साथ छोड़ दिया है। वहीं टॉप वकील और एक अहम डिजाइन अधिकारी के इस्तीफे ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा, चिप डिजाइन प्रमुख जॉनी स्रूजी के भविष्य को लेकर भी गहरा सस्पेंस बरकरार है। मैनेजमेंट स्तर पर हो रही इस लगातार उथल-पुथल के बाद अब टेक जगत में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या एपल की मौजूदा लीडरशिप तेजी से बदलते एआई के इस नए दौर का सामना करने के लिए वाकई तैयार है?
एआई की रेस और नए प्रोडक्ट्स का भारी दबाव
एपल इस वक्त टेक जगत के एक बेहद नाजुक और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। कंपनी के सामने एक तरफ जहां अपने पहले फोल्डेबल आईफोन और एआई-पावर्ड स्मार्ट ग्लासेस को जल्द से जल्द मार्केट में उतारने का भारी दबाव है। वहीं दूसरी तरफ सिरी के नए और ज्यादा एडवांस वर्जन के लॉन्च में हो रही देरी ने भी चिंताएं बढ़ा दी हैं। इन सबके बीच, अपने डिवाइस में अत्याधुनिक एआई फीचर्स देने के लिए कंपनी का गूगल के 'जेमिनी एआई' के साथ पार्टनरशिप करना, साफ तौर पर इस नई तकनीक के लिए उसकी गूगल पर निर्भरता को दर्शाता है।
अगर कुक रिटायर हुए तो कौन संभालेगा सीईओ की कमान
भले ही टिम कुक ने फिलहाल अपने पद पर बने रहने का साफ संकेत दे दिया है। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो एपल ने भविष्य की लीडरशिप के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुक के संभावित उत्तराधिकारियों की रेस में फिलहाल दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इनमें पहला नाम कंपनी के हार्डवेयर प्रमुख जॉन टर्नस का है, जिन्हें अब डिजाइन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। वहीं, कंपनी के नए सीओओ सबिह खान को भी इस रेस में एक बेहद मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, भविष्य में जब भी टिम कुक सीईओ की कुर्सी छोड़ेंगे, तब भी उनका नाता एपल से नहीं टूटेगा। पूरी संभावना है कि वह चेयरमैन रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे और अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X