Phone Blast: एआई से रची फोन ब्लास्ट की झूठी कहानी, कंपनी के एमडी ने एक करारे जवाब से निकाल दी सारी हेकड़ी!
Fake AI Generated Smartphone Blast: एक वायरल पोस्ट में एक यूजर ने एक्स पर एक स्मार्टफोन ब्रांड के झूठे ब्लास्ट की कहानी रची। साथ ही यूजर ने Amazon से रिप्लेसमेंट ऐंठने और कंपनी को बदनाम करने की कोशिश भी की। सच्चाई तब सामने आई जब टेक एक्सपर्ट्स ने वायरल तस्वीर की बारीकी से जांच की। जानिए कैसे AI से बनी एक फर्जी फोटो ने इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एआई टूल्स की इस फ्री दुनिया में जहां एक तरफ लोगों को इससे फायदा होता है, वहीं दूसरी तरफ लोग इसका नाजायज इस्तेमाल भी करते हैं। चूंकि अब ज्यादातर एआई टूल्स फ्री हैं ऐसे में कुछ लोग अलग-अलग तरीकों से तकनीक का फायदा उठाकर ठगी भी करते हैं या करने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही एक मामला हाल में सामने आया। इस मामले में एक व्यक्ति ने फ्री एआई टूल का इस्तेमाल करके स्मार्टफोन कंपनी को बदनाम करने और उन्हें चूना लगाने की कोशिश की। लेकिन टेक विशेषज्ञों की पारखी नजर से वो बच न सका। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटित हुआ, जहां अक्सर लोग अपनी समस्याएं साझा करते हैं। कंपनियां अक्सर इस प्लेटफॉर्म पर बहुत एक्टिव रहती हैं क्योंकि लोग शिकायतों के लिए इसी प्लेटफॉर्म का सहारा लेते हैं। यह घटना भी इसी प्लेटफॉर्म पर हुई जहां हैरी नाम के एक यूजर ने एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उसने दावा किया कि उसका नया Lava स्मार्टफोन ब्लास्ट होकर जल गया है।
यूजर ने इस पोस्ट में कई फर्जी बातें लिखीं जैसे:
- ग्राहक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
- अमेजन को भी निशाने पर लिया और कहा कि पिकअप पार्टनर ने जला हुआ फोन देखने के बाद भी रिफंड या रिप्लेसमेंट देने से मना कर दिया है।
- अपनी बात को सच साबित करने के लिए फोन के परखच्चे उड़ने की एक तस्वीर भी साझा की।
कंपनी के एसडी ने दिया करारा जवाब
पोस्ट जैसे ही वायरल हुई लोगों ने Lava कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) सुनील रैना को टैग करना शुरू कर दिया। इसके बाद जो उनका जवाब आया वो काबिल-ए-तारीफ है।
सुनील रैना ने लिखा, "हमारी टीम ने आपसे संपर्क किया और जांच के लिए डिवाइस मांगा था। लेकिन आपने यह कहकर डिवाइस देने से मना कर दिया कि वह फिलहाल आपके पास नहीं है। हम आपसे रिक्वेस्ट करते हैं कि फोन हमें दें ताकि हम आगे की जांच कर सकें।"
टेक एक्सपर्ट्स ने ऐसे पकड़ी चोरी
Lava कंपनी के एमडी का रिप्लाई आते ही कई टेक एक्सपर्ट्स और आम यूजर्स का माथा ठनका। लोगों ने सोचा कि जब फोन जल गया है, तो यूजर उसे कंपनी को जांच के लिए क्यों नहीं दे रहा है? इसके बाद जब शेयर की गई फोटो की बारीकी से जांच हुई, तब सारा खेल सामने आ गया।
तस्वीर में कई बड़ी गलतियां पकड़ी गईं:
- एआई की कलाकारी: जांच में पता चला कि यह तस्वीर असली नहीं है, बल्कि इसे गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल से बनाया गया है।
- कैमरे का झोल: जो फोन ब्लास्ट होने का दावा किया जा रहा था, उसमें पीछे की तरफ 4 कैमरे दिख रहे थे। जोकि लावा के मॉडल से मेल नहीं खाते।
- अंदरूनी पार्ट्स सुरक्षित: फोटो में फोन बाहर से जलकर खाक दिख रहा था, लेकिन ब्लास्ट के बावजूद फोन के अंदर के पुर्जे एकदम सही-सलामत दिख रहे थे, जो असलियत में नामुमकिन है।
लोगों की क्या रही प्रतिक्रियाएं?
पूरी सच्चाई सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हैरी नाम के इस यूजर की जमकर क्लास लगी। यूजर्स ने उसे फेक फोटो बनाने के लिए खूब खरी-खोटी सुनाई। कई लोगों ने Lava को सलाह दी है कि कंपनी की ब्रांड इमेज खराब करने की कोशिश के लिए इस व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। तो वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी विरोधी ब्रांड की साजिश भी हो सकती है।
फिलहाल, अपनी चोरी पकड़े जाने के बाद हैरी की तरफ से कोई नया जवाब नहीं आया है। इस घटना से यह साफ हो जाता है कि इंटरनेट पर दिखने वाली हर चीज सच नहीं होती और AI के इस दौर में किसी भी तस्वीर या खबर पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए।