iOS 26.3: आईफोन से एंड्रॉयड में स्विच करना हुआ आसान, 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' फीचर की मदद से होगा डाटा ट्रांसफर
Transfer to Android: एपल ने आईओएस 26.3 अपडेट में ट्रांसफर टू एंड्रॉयड नाम का नया फीचर जोड़ा है। इससे आईफोन से एंड्रॉयड फोन में डाटा ट्रांसफर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने कॉन्टैक्ट्स, फोटो, मैसेज, कॉल हिस्ट्री और कैलेंडर जैसे जरूरी डाटा को आसानी से नए एंड्रॉयड डिवाइस में भेज सकते हैं।
विस्तार
अगर आपके पास आईफोन है तो आप अच्छे से जानते होंगे कि आईओएस (एपल प्लेटफार्म) से एंड्रॉयड (गूगल प्लेटफार्म) में डाटा ट्रांसफर करना कितना बड़ा सिरदर्द है। यही वजह है कि लोग अक्सर आईफोन छोड़कर एंड्रॉयड में जाने से कतराते हैं। क्योंकि उन्हें हमेशा डर लगा रहता है कि उनके वर्षों पुराने फोटो, जरूरी मैसेज और कॉन्टैक्ट्स कहीं खो न जाएं। ऐसे में एपल ने यूजर्स का ध्यान रखते हुए आईओएस 26.3 अपडेट में चुपचाप एक बड़ा बदलाव कर दिया है। कंपनी ने 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' नाम का एक खास फीचर जोड़ा है जिससे ये प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी। इससे डाटा की झंझट खत्म हो जाएगी क्योंकि आप कॉन्टैक्ट्स, फोटो, मैसेज और कॉल हिस्ट्री जैसे जरूरी डाटा को बिना परेशानी के एंड्रॉयड में भेज पाएंगे। अब यूजर्स को फोन बदलने में असहजता नहीं होगी।
क्या है 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' फीचर?
एपल में आईओएस 26.3 अपडेट के बाद इस फीचर को शामिल किया गया है। इस नए विकल्प में यूजर्स को अपने कॉन्टैक्ट्स, फोटोज, मैसेज, कैलेंडर और कॉल हिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण डाटा को बिना किसी परेशानी के ट्रांसफर करने की सुविधा देता है। अगर आप भी आईफोन से एंड्रॉयड में जाने की योजना बना रहे हैं तो ये फीचर आपके लिए बड़े काम का हो सकता है।
आईफोन से एंड्रॉयड पर स्विच करना अब नहीं रहा मुश्किल
स्मार्टफोन बदलना सिर्फ तकनीक ही नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से बड़ा फैसला होता है। खासकर तब जब आप कई वर्षों से एक ही इकोसिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हों। आईफोन से आईफोन में डाटा ट्रांसफर करना हमेशा से आसान रहा है लेकिन आईफोन से एंड्रॉयड में जाना पहले से ही कठिन माना जाता रहा है। हालांकि आईओएस 26.3 के साथ एपल ने इस प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया है। यह बदलाव दिखाता है कि अब टेक कंपनियां यूजर्स को ज्यादा विविधता देने की दिशा में भी काम कर रही हैं।
'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' फीचर से क्या-क्या ट्रांसफर कर सकते हैं?
आईफोन 26.3 अपडेट के बाद आए इस नए फीचर की मदद से यूजर्स इन चीजों को आसानी से ट्रांसफर कर सकते हैं:
- कॉन्टैक्ट्स
- फोटो और वीडियो
- मैसेज
- कैलेंडर
- कॉल हिस्ट्री
इसके अलावा अगर आपका नेटवर्क सपोर्ट करता है तो eSIM को भी ट्रांसफर करने में आईओएस आपकी मदद करेगा।
आईफोन से एंड्रॉयड पर डाटा ट्रांसफर कैसे करें?
अगर आपने अपना आईफोन आईओएस 26.3 पर अपडेट कर लिया है तो आप इन आसान तरीकों से डाटा ट्रांसफर कर सकते हैं:
- फोन की सेटिंग्स ओपन करें
- जनरल पर जाएं
- ट्रांसफर या रिसेट आईफोन पर टैप करें
- अब आपको नया विकल्प ट्रांसफर टू एंड्रॉयड दिखाई देगा इसे चुन लें
- अपने आईफोन और नए एंड्रॉयड डिवाइस को एक-दूसरे के पास रखें और आईफोन पर कंटिन्यू दबाएं
- सेटअप के दौरान आपका एंड्रॉयड फोन एक QR कोड दिखाएगा उसे अपने आईफोन से स्कैन करें
- अब वह डाटा चुनें जिसे आप ट्रांसफर करना चाहते हैं
प्रक्रिया पूरी होने के बाद आईओएस आपको eSIM शिफ्ट करने के लिए भी गाइड करेगा (अगर आपका ऑपरेटर इसे सपोर्ट होगा तो)। बेहतर अनुभव के लिए ये सुनिश्चित करें कि आपका एंड्रॉयड डिवाइस सेटअप फेज यानी एकदम नई स्थिति में हो।