सिरेमिक PTC, क्वार्ट्ज या हैलोजन: आपके कमरे के लिए कौन सा हीटर सही? गलत चुना तो बिगड़ सकता है आराम
- कमरे और जरूरत के हिसाब से सिरेमिक PTC, क्वार्ट्ज या हैलोजन कौन सा हीटर सही है।
- किस तरह के हीटर से बिजली बिल बढ़ सकता है और कौन सा आराम में खलल डाल सकता है।
- खरीदने से पहले इन बातों का जान लेना जरूरी है।
विस्तार
नवंबर की ठंडक बढ़ते ही बाजार में रूम हीटर की मांग बढ़ने लगती है। दुकान पर पहुंचते ही सवाल उठता है कि सिरेमिक PTC लें, क्वार्ट्ज लें या फिर हैलोजन। तीनों बिजली से चलते हैं, पर कमरे को गर्म करने का इनका तरीका एक जैसा नहीं है। कोई हवा को गर्म करता है, तो कोई सीधे आपके शरीर तक गर्मी पहुंचाता है। यह फर्क बेडरूम, स्टडी रूम और ऑफिस में अलग असर दिखाता है। आइए जानते हैं आपके जरूरत और बेडरूम या ऑफिस के लिए कौन सा हीटर बेहतर है।
कैसे गर्मी पैदा करता है सिरेमिक PTC हीटर?
सिरेमिक PTC हीटर आमतौर पर पंखे के सहारे चलता है। भीतर लगा गर्म एलीमेंट हवा को तपाता है और पंखा उसे कमरे में फैला देता है। इसकी खासियत यह है कि यह हल्का होता है और जल्दी गर्मी देने लगता है, इसलिए एक कमरे से दूसरे कमरे में ले जाना आसान रहता है। PTC तकनीक में तापमान खुद ही काबू में रहता है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से अच्छा माना जाता है। हां पंखे की हल्की आवाज सुनाई दे सकती है, जो रात में कुछ लोगों को न पसंद आए।
क्वार्ट्ज और हैलोजन देते हैं सीधी गर्मी का मजा
क्वार्ट्ज और हैलोजन हीटर इन्फ्रारेड किरणों से काम करते हैं। इनमें पंखा नहीं होता, इसलिए आवाज नहीं के बराबर आती है। जो चीज या इंसान इनके सामने बैठा हो, गर्मी सीधे उसी तक पहुंचती है। इससे धूप सेंकने जैसा अहसास होता है। ये स्विच दबाते ही कुछ सेकंड में गर्म होने लगते हैं। इसीलिए पढ़ाई की मेज या ऑफिस की कुर्सी के पास रखने के लिए ये ठीक रहते हैं। दिक्कत यह है कि कमरे की हवा उतनी गर्म नहीं होती, इसलिए पूरे कमरे में एक जैसी गर्माहट नहीं मिलती।
किस कमरे के लिए कौन सा सही?
- बेडरूम: पूरे कमरे में एक जैसी गर्माहट चाहिए तो PTC सही रहेगा, बस पंखे की हल्की आवाज का ध्यान रखें।
- स्टडी रूम या ऑफिस डेस्क: अकेले बैठकर काम करना हो तो क्वार्ट्ज या हैलोजन चलेगा। यह चुपचाप और तुरंत गर्मी देता है।
- लिविंग रूम: कई लोग साथ बैठते हों, तो हवा गर्म करने वाला PTC जयादा आरामदेह रहता है।
- बड़ी या खुली जगह: जहां हवा बाहर निकल जाती हो, वहां इन्फ्रारेड हीटर बेहतर माने जाते हैं, क्योंकि वे चीजों को सीधे गर्म करते हैं।
बिजली के खर्च का रखें खास ध्यान
बिजली की खपत सबसे ज्यादा हीटर के वाट पर निर्भर करती है। जितना ज्यादा वाट, उतनी ज्यादा खपत। एक हजार वाट का हीटर एक घंटा चले तो करीब एक यूनिट बिजली खर्च होती है। इसलिए खरीदने से पहले डिब्बे पर लिखा वाट जरूर देखें। सिरेमिक हीटर के कुछ मॉडल एक हजार वाट के हैं, तो क्वार्ट्ज के कुछ मॉडल में चार-चार सौ वाट की दो छड़ें लगी होती हैं। क्वार्ट्ज तुरंत गर्मी देता है, इसलिए जरूरत के वक्त ही चलाकर बिजली बचाई जा सकती है।
सुरक्षा के लिहाज से करें खरीददारी
सुरक्षा के मामले में तीनों को एक ही नजर से मत देखिए। PTC हीटर का तापमान अपने आप संभला रहता है। क्वार्ट्ज और हैलोजन की छड़ें बहुत तेज गर्म होती हैं, इसलिए इनमें जाली और गिरने पर बंद होने वाला स्विच जरूर देखें। कुछ कंपनियों के मॉडलों में यह सुविधा मिलती है। हीटर को पर्दे, बिस्तर और कपड़ों से दूर रखें और सोने से पहले बंद कर दें। कुल मिलाकर, पूरे कमरे के लिए PTC और अपने आसपास तुरंत गर्मी के लिए क्वार्ट्ज या हैलोजन चुनना समझदारी होगी