Ayodhya News: दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पैर में गोली लगने से घायल
अयोध्या में युवती की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दूसरे प्रेमी ने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। दरोगा की रिवॉल्वर छीनकर भागते समय जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विस्तार
यूपी के अयोध्या में कैंट थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या युवती के दूसरे प्रेमी राजीव यादव ने की थी। जबकि, प्रारंभिक जांच में संदेह एक अन्य प्रेमी आलोक निषाद पर जताया जा रहा था।

दरअसल, राजीव यादव ने पुलिस को गुमराह करने के लिए युवती के मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग आलोक निषाद के नंबर पर कर दी थी। इसी कारण हर कॉल आलोक निषाद के पास जाती रही और पुलिस कंफ्यूज होती रही। पुलिस को तब बड़ा सुराग मिला, जब घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर ईंट के नीचे दबा युवती का मोबाइल बरामद हुआ। फोन ऑन था और कॉल फॉरवर्डिंग की सच्चाई उजागर हो गई।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की
इसके बाद घटनास्थल से थोड़ी दूर एक बाग में राजीव यादव को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान उसने एक दरोगा की रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि 31 अगस्त को युवती की हत्या हुई थी और तभी से जांच जारी थी। सूत्रों के अनुसार प्रेमी राजीव यादव युवती की बढ़ती मांगों से परेशान था। हत्या वाली रात उसने अपने बड़े भाई के फोन से युवती को बुलाया। दोनों के बीच कहासुनी हुई।
गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी
इसके बाद राजीव ने पहले युवती से दुष्कर्म किया। फिर उसी के सलवार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उस पर हत्या और दुष्कर्म के गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।