UP: अयोध्या में अमिताभ बच्चन ने खरीदी 2.67 एकड़ जमीन, 35 करोड़ रुपये की हुई रजिस्ट्री
अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी है। यह जमीन ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ की परियोजना के पास सरयू तट के नजदीक स्थित है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटन और रियल एस्टेट निवेश तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बड़े निवेशक आकर्षित हो रहे हैं।
विस्तार
फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने राम नगरी अयोध्या में बड़ा निवेश किया है। उन्होंने शुक्रवार को करीब 35 करोड़ रुपये में 2.67 एकड़ भूमि खरीदी, जिसकी रजिस्ट्री शुक्रवार को पूरी हुई। यह जमीन ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ (एचओएबीएल) से खरीदी गई है।
यह भूमि सरयू तट के पास विकसित हो रही द सरयू लक्जरी भूमि परियोजना के नजदीक स्थित है। इस पूरे लेनदेन की प्रक्रिया एबी कॉर्प लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश यादव के माध्यम से संपन्न कराई गई। शुक्रवार को राजेश ने रजिस्ट्री के कागजात पर दस्तखत किए। यह अयोध्या में अमिताभ बच्चन का तीसरा निवेश और अभिनंदन लोढ़ा हाउस (एचओएबीएल) के साथ उनका चौथा प्लॉटेड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट है।
मई 2025 में दिग्गज अभिनेता ने द सरयू के बगल में लगभग 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदा। इससे पहले, 2024 में उन्होंने अयोध्या में द सरयू में 14.5 करोड़ रुपये में 10,000 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदा था। अयोध्या के अलावा अमिताभ ने 'सोल दे अलीबाग' परियोजना में भी निवेश किया है, जहां उन्होंने 10 करोड़ में 10,000 वर्ग फुट की जमीन खरीदी है।

मंदिर निर्माण के बाद बढ़ रहा निवेश
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटन में लगातार वृद्धि हो रही है है। इसके साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास ने निवेशकों को आकर्षित किया है। बड़े निवेशक और प्रसिद्ध हस्तियां भी अब यहां निवेश करने में रुचि दिखा रहे हैं। अमिताभ बच्चन का यह निवेश इसी कड़ी का हिस्सा है और काफी चर्चा में है।
माना जा रहा है कि आने वाले समय में अयोध्या केवल आध्यात्मिक केंद्र ही नहीं रहेगा। यह रियल एस्टेट निवेश का भी एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से यहां जमीन की कीमतों में उछाल देखा गया है। कई बड़े डेवलपर्स भी यहां अपनी परियोजनाएं शुरू कर रहे हैं। यह शहर अब निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन गया है।
