UP: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, जमीन के लालच में हथौड़ी से मारकर झाड़ियों में फेंका शव
रुदौली क्षेत्र में झाड़ियों में मिले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। जांच में सामने आया कि पत्नी ने प्रेम संबंध और जमीन के विवाद के चलते प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुदौली कोतवाली क्षेत्र में कूड़ा सादात मार्ग किनारे झाड़ियों में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जमीन हड़पने की साजिश के तहत कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि 12 जुलाई को कूड़ा सादात लिंक रोड के पास झाड़ियों में एक शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतक की पहचान बाराबंकी जिले के असन्द्रा थाना क्षेत्र के पूरे ठोड़ी मजरे पैगम्बरपुर निवासी 48 वर्षीय देवेन्द्र कुमार वर्मा के रूप में हुई।
सीसीटीवी से खुला राज
जांच के दौरान अभियान 'त्रिनेत्र' के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2023 में शादी के बाद से मृतक और उसकी पत्नी शुभांगिनी वर्मा के बीच जमीन अपने नाम कराने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान शुभांगिनी का बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के सराय पुरखू निवासी विपिन वर्मा से प्रेम संबंध हो गया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को शुभांगिनी के कहने पर विपिन, देवेन्द्र को अयोध्या घुमाने के बहाने घर से ले गया। रास्ते में उसने हथौड़ी से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद कर ली है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।