जमानिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के मामले में रविवार की देर रात एसटीएफ व बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र के मतसा में दबिश दी। पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस की दबिश क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड सुर्खियों में है। इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के मतसा निवासी विनय राय भी इस हत्याकांड में आरोपी है। विनय राय की तलाश एसटीएफ व पुलिस कर रही है। चार दिन पहले भी मतसा में पुलिस ने छापा मारा था लेकिन, उस वक्त भी विनय राय पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था। रविवार की देर रात एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने मतसा में दबिश दी। इस बार भी टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। आरोपी विनय राय को पेशेवर अपराधी बताया जा रहा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, पंचायत चुनाव में फायरिंग के मामले दर्ज हैं। इसी कारण पूर्व में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। जमानिया सीओ अनिल कुमार ने बताया कि मतसा गांव में एसटीएफ और बंगाल पुलिस ने दबिश दी थी। जांच के दौरान उसके साथ स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। किसी के हिरासत में लेने की कोई जानकारी नहीं है।