दुल्लहपुर। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जखनिया विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपकेंद्र पर जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी। मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि उपकेंद्र पर कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं मिला, जबकि अवकाश का हवाला देकर कार्य से दूरी बनाई जा रही है।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में उपभोक्ता स्मार्ट प्रीपेड मीटर की खराबी, बिना रीडिंग के बिल जारी होने, लो-वोल्टेज और लटकते तारों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दौड़ना पड़ता है। कार्यकर्ताओं ने एसडीओ स्तर पर कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान होना चाहिए और बिजली व्यवस्था में सुधार जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजा जाएगा। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता दया शंकर सिंह, उमाशंकर यादव, पीयूष सिंह, अशोक गुप्ता, प्रशांत सिंह, पंकज मोदनवाल, डब्बू राम, वरुण पांडेय, राजेश आदि मौजूद रहे।