UP Encounter: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश को मारी गोली, घायल; 25 हजार का इनामी गाजीपुर में गिरफ्तार
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश की गाजीपुर पुलिस ने मुठभेड़ में पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह 25 हजार का इनामी है। रोकने का इशारा करने पर वह पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में टीम ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
Encounter in Ghazipur: गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र में रविवार की रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सादात पुलिस खिदिरगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव मोटरसाइकिल से रामपुर इटवा तिराहे की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
पुलिस को देख आरोपी ने खेत की आड़ लेकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
सीओ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव निवासी खिदिरगंज थाना सादात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
