UP News: दो महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी की विदाई की तारीख तय करने निकला युवक; नहर में मिला युवक का शव
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में पत्नी की विदाई की तिथि तय करने निकले युवक का नहर में शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले के बरेसर क्षेत्र के बाराचवर स्थित काली मंदिर के पास नहर में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की दो माह पूर्व शादी हुई थी। वह बुधवार को पत्नी की विदाई की तिथि तय करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
कन्धौरा कला गांव निवासी मृतक के भाई विपिन यादव ने बताया कि 32 वर्षीय सोनू यादव बुधवार शाम मोटरसाइकिल से क्यामपुर स्थित एक पंडित के घर पत्नी की विदाई की तिथि तय करने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर बाराचवर काली मंदिर के पास नहर में ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराया हुआ देखा।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सोनू यादव के रूप में की। शव मिलने की सूचना पर मृतक की पत्नी सोनम यादव, मां लालसा देवी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के भाई विपिन यादव ने बताया कि तीन भाइयों में सोनू सबसे बड़े थे। पिता की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी वही संभाल रहे थे।
शादी के दो महीने बाद हुई मौत
मृतक के भाई विपिन यादव के अनुसार सोनू विदेश में रहकर वेल्डर का काम करते थे। वह करीब तीन माह पहले शादी के लिए घर आए थे और महज दो माह पहले ही उनकी शादी सोनम यादव से हुई थी। पत्नी की विदाई की तैयारी के बीच उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पत्नी सोनम यादव की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।