औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के औड़िहार त्रिमुहानी के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। वह किसी कार्य से सैदपुर तहसील जा रहे थे। भतीजे की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि करमपुर निवासी रामकिशुन राम (65) बाइक से सैदपुर तहसील किसी कार्य जा रहे थे। जैसे ही वह औड़िहार त्रिमुहानी के पास पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा में उनकी मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी उषा, पुत्र शशांक कुमार, सौरव कुमार और परिजनों के रोने- बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के भतीजे क्षितिज सम्राट की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही ट्रक को चिह्नित करने में पुलिस टीम जुटी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।