Ghazipur News: जेई, एसआई और हेड कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर, दुकानदार ने आरोप लगाकर की थी खुदकुशी
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में विजिलेंस के जेई, एसआई, हेड कांस्टेबल पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुकानदार सुरेंद्र कश्यप ने इन अफसरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर खुदकुशी की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सैदपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि मुरादचक निवासी शुभम कश्यप ने तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2025 के सितंबर-अक्तूबर में विजिलेंस के जेई दीपक कुमार, एसआई उदयभान, हेड कांस्टेबल कैलाश भारती एक अन्य व्यक्ति के साथ आवास पहुंचे थे।
इन सबने बिजली कनेक्शन की जांच की और गलत ढंग से बिजली के उपयोग का आरोप लगाते हुए 65,190 रुपये का जुर्माना लगा दिया। साथ ही पिता सुरेंद्र कश्यप को नोटिस दिया था। आर्थिक तंगी की वजह से पिता रुपये नहीं जमा कर सके। इसी बीच पिता के नाम से 1,12,225 रुपये की आरसी जारी हो गई। इसकी वसूली के लिए अमीन संतोष घर आते थे। इससे पिता सुरेंद्र कश्यप दुखी थे।
जेई दीपक व उनके साथ आए लोगों की प्रताड़ना के कारण पिता सुरेंद्र कश्यप ने 15 जून की सुबह करीब सात बजे जहर खा लिया था। जानकारी होने पर परिजन उन्हें सीएचसी सैदपुर ले गए जहां उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर विजिलेंस के जेई दीपक कुमार, एसआई उदयभान और हेड कांस्टेबल कैलाश भारती के खिलाफ नामजद और कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
शासन ने लिया था संज्ञान
इस मामले का संज्ञान शासन स्तर से लिखा गया था। गाजीपुर के जिलाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर गए थे।
सैदपुर तहसील में तैनात अमीन निलंबित
बकाया बिजली बिल से परेशान मुरादचक निवासी दुकानदार सुरेंद्र कश्यप ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सैदपुर तहसील में अमीन पद पर तैनात संतोष को निलंबित कर दिया।
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि शुरुआती जांच में वसूली के लिए दबाव बनाए जाने की बात सही पाई गई है। सुरेंद्र आर्थिक रूप से कमजोर था और दबाव के कारण तनाव में था। प्रशासन ने मृतक की दो नाबालिग बेटियों की पढ़ाई और भरण-पोषण के लिए तत्काल एक लाख रुपये की सहायता दी है। साथ ही कृषक बीमा योजना के तहत अतिरिक्त मदद भी दी जाएगी। सैदपुर एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि सैदपुर तहसील में तैनात अमीन संतोष को निलंबित कर दिया गया है।
तीन किलो वाट तक विजिलेंस नहीं करेगी जांच
डीएम अनुपम शुक्ला ने बिजली निगम को निर्देश दिया कि 1 से 3 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के यहां अब बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति के छापा नहीं मारा जाएगा। वर्तमान में 1 किलोवाट तक के कनेक्शन की भी विजिलेंस जांच कर रही थी। कई मामलों में उपभोक्ताओं ने वसूली की शिकायत भी की थी। आत्महत्या करने वाले पान विक्रेता का भी एक किलोवाट का ही कनेक्शन था।