गाजीपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशन में पुलिस लाइन ग्राउंड पर चल रहे अंडर-16 अंतर जनपद ट्रायल के चौथे मुकाबले में गाजीपुर ने बलिया को 32 रन से हराया। मैच में गाजीपुर के आदित्य यादव की शानदार 86 रन की पारी निर्णायक साबित हुई। मैच से पूर्व बीसीसीआई अंपायर अनुराग राठौर और यूपीसीए अंपायर सतीश पांडेय ने पिच का निरीक्षण कर दोनों टीमों के कप्तानों को नियमों की जानकारी दी। टॉस सुबह सात बजे हुआ, जिसमें बलिया ने जीतकर गाजीपुर को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजीपुर की टीम ने 38.3 ओवर में 223 रन बनाए। आदित्य यादव ने 86 और अमन जायसवाल ने 35 रन का योगदान दिया। बलिया की ओर से प्रियांशु कुमार ने तीन विकेट, जबकि रजनीश, रघुवीर और अब्दुल रहीम ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम 41वें ओवर में 191 रन पर सिमट गई। आकाश यादव (42) और अजित यादव (39) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गाजीपुर की ओर से आकर्ष श्रीवास्तव ने चार और अंकित दुबे ने तीन विकेट झटके। मैच के दौरान चयनकर्ता बिजेंद्र सिंह, अंपायर अनुराग राठौर व सतीश पांडेय और स्कोरर अनिरुद्ध प्रकाश सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ट्रायल मैचों में खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन का पूरा अवसर दिया जा रहा है। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन मंडल टीम के लिए किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि शनिवार को अंतिम मुकाबला गाजीपुर और देवरिया के बीच खेला जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को सुबह छह बजे तक मैदान पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।