जमानिया। वादकारी उत्थान समिति की ओर से बुधवार को वादकारियों की समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक को पत्रक सौंपा गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इसके पहले जुलूस निकाला गया।
वादकारी उत्थान समिति के सचिव अश्वनी राय ने कहा कि तहसील में राजस्व न्यायालयों का संचालन प्रतिदिन नियमित रूप से किया जाना बेहद जरूरी है। आदेश के लिए सुरक्षित रखी गई पत्रावलियों का निस्तारण और उन पर अंतिम आदेश 14 दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। समिति ने तहसील परिसर में आने वाले दूर-दराज के वादकारियों के लिए पीने के साफ पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उचित व्यवस्था करने की भी मांग की है। इस मौके पर धर्मेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष सुखराज पासवान, कृष्णकांत तिवारी, राजकुमार कुशवाहा, मनोज बिंद आदि मौजूद रहे।