गाजीपुर। प्रयागराज में आयोजित तृतीय उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक कबड्डी, खो-खो एवं जिम्नास्टिक क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले वाराणसी जोन के खिलाड़ियों को रविवार को सम्मानित किया गया। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ.ईरज राजा की मौजूदगी में खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता 16 से 19 जून तक प्रयागराज में आयोजित हुई थी, इसमें प्रदेश भर की पुलिस इकाइयों और जोनों की टीमों ने भाग लिया। वाराणसी जोन के खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो और जिम्नास्टिक स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि वाराणसी जोन ने प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। समारोह में जगदीश मौर्य, दीन दयाल, माता प्रसाद, ओम प्रकाश यादव, सुधीर कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।