गाजीपुर। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की बैठक बुधवार को विकास भवन सभागार में विधायक जमानियां ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक मोहम्मदाबाद सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, विधायक सदर जैकिशन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत के बाद अध्यक्ष ने सभी से परिचय प्राप्त कर विकास कार्यों की समीक्षा शुरू की। उन्होंने कहा कि यह बैठक जनपद के विकास के लिए महत्वपूर्ण है और पहली बार आयोजित की जा रही है। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जिले को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएं। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को गंभीरता से लिया जाए और शासन स्तर पर होने वाले पत्राचार की जानकारी भी साझा की जाए। स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, सिंचाई और खाद वितरण जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि बिजली बिल और चेकिंग के नाम पर किसी को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 67 लाख मानव दिवस के सापेक्ष फरवरी तक 66 लाख का लक्ष्य पूरा हो चुका है। इस पर अध्यक्ष ने लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना में विधवा और दिव्यांगों को प्राथमिकता देने को कहा गया। जिले में 16 ब्लॉक होने के बावजूद केवल नौ किसान कल्याण केंद्र संचालित होने पर नाराजगी जताते हुए प्रत्येक ब्लॉक में केंद्र खोलने का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। इसके अलावा सिंचाई, जल निगम, पशुपालन, मत्स्य, छात्रवृत्ति और सामाजिक कल्याण योजनाओं में आ रही समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई।