सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ghazipur News ›   Three arrested taking bribes in nine months in Ghazipur probe now initiated against Vigilance JE, and SI

Ghazipur News: नौ महीने में घूस लेते तीन गिरफ्तार, अब विजिलेंस के जेई; एसआई व हेड कांस्टेबल के खिलाफ बैठी जांच

अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर। Published by: Aman Vishwakarma Updated Thu, 18 Jun 2026 11:44 PM IST
विज्ञापन
सार

Ghazipur News: मुरादचक के दुकानदार सुरेंद्र कश्यप की आत्महत्या के मामले में विजिलेंस के जेई, एसआई और हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। परिवार ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं, बिजली विभाग में भ्रष्टाचार और उपभोक्ता उत्पीड़न के पुराने मामलों पर भी सवाल उठे हैं। मृतक परिवार ने बिजली बिल माफी और न्याय की मांग की है।

Three arrested taking bribes in nine months in Ghazipur probe now initiated against Vigilance JE, and SI
मृतक सुरेंंद्र कश्यप की पत्नी शांति को चेक प्रदान करते एमएलसी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

मुरादचक के दुकानदार सुरेंद्र कश्यप की मौत के मामले में बिजली निगम की तरफ से विजिलेंस के जेई दीपक कुमार, एसआई उदयभान व हेड कांस्टेबल कैलाश भारती के खिलाफ विभागीय जांच जांच बैठा दी गई है। बिजली निगम में उपभोक्ताओं के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार का यह पहला मामला नहीं है। 



बीते नौ महीने में अवर अभियंता (जेई), संविदा कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि उपभोक्ताओं का कभी बिजली चोरी में तो कभी अधिक बिलिंग के नाम पर उत्पीड़न किया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बिजली बिल की 1.12 लाख की बकायेदारी और निगम के अफसरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मुरादचक के दुकानदार सुरेंद्र कश्यप ने जान दे दी थी। इस मामले में जेई, एसआई व हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वर्ष 2025 के सितंबर महीने में बिजली निगम के सतर्कता दल के कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात वसीम राईनी को गिरफ्तार किया गया था। 

विज्ञापन

पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि सतर्कता टीम के लोग चेकिंग के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। जेल भेजने और जुर्माना लगाने का डर दिखाकर लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं। उपभोक्ता आशुतोष दूबे की शिकायत पर 6 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपी वसीम राईनी को मिश्रौलिया रोड ओवरब्रिज से गिरफ्तार किया गया। 

जनवरी 2026 महीने में नंदगंज थाना क्षेत्र के नारी पचदेवरा निवासी धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने नंदगंज विद्युत पावर हाउस पर तैनात अवर अभियंता इंद्रजीत कुमार और सहायक लाइनमैन प्रमोद यादव को कुसमी कला क्षेत्र से 8000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि मनमाने बिल को ठीक कराने और बिजली चोरी को लेकर रिश्वत मांगी गई थी।

सैदपुर के मुरादचक के दुकानदार सुरेंद्र कश्यप के आत्महत्या करने के प्रकरण में बिजली निगम की ओर से विजिलेंस के जेई दीपक कुमार, एसआई उदयभान व हेड कांस्टेबल कैलाश भारती के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण, चीफ इंजीनियर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी।

 

अभियंताओं और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ शालीनता से व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां तक बात पूर्व में घूस लेते हुए कुछ कर्मियों की गिरफ्तारी की है तो उस पर मैं क्या बयान दे सकता हूं। दिव्यांग राम जी अग्रवाल मुझसे आकर मिलें, उनके मामले का निस्तारण कराऊंगा। - विवेक खन्ना, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम।

जेई संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी
जेई संगठन ने बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की। उन्होंने सैदपुर प्रकरण में जेई दीपक कुमार पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने का विरोध किया। संगठन का कहना है कि पान विक्रेता की आत्महत्या प्रकरण में बिना जांच किए गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज की गई है, क्योंकि आरसी भेजने की कार्रवाई अधिशासी अभियंता द्वारा की जाती है उसके बाद अमीन की ओर से वसूली की जाती है। इस मामले में जांच नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष मिथिलेश कुमार यादव, जनपद सचिव सहेंद्र कुमार, विजय राणा, तपस कुमार, अंकित गोंड आदि मौजूद रहे।

दिव्यांग बोला : नहीं हुआ समस्या का समाधान तो कर लूंगा आत्महत्या
बिजली निगम के अभियंताओं व कर्मियों की कार्यशैली को लेकर उपभोक्ता व्यथित हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के कोट किलो कोहना निवासी दिव्यांग रामजी अग्रवाल का कहना है कि अगर उनके मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो वह भी मुरादचक निवासी दुकानदार सुरेंद्र कश्यप की तरह आत्महत्या कर लेंगे।

रामजी अग्रवाल ने बताया कि 10 जुलाई 2022 को वह घर से बाहर थे। उनके कटरे पर बिजली निगम की टीम धमक पड़ी। कटरे में 10 दुकानदारों की दुकानें हैं। जांच के बाद बिजली निगम की ओर से उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। 

उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में बिजली निगम की टीम जांच कैसे कर सकती है। अगर उनके किरायेदार दुकानदारों का कनेक्शन अवैध है तो उसमें उनका क्या कसूर है। इसके बाद 18 लाख रुपये का नोटिस भेज दिया गया। 4 अक्तूबर 2023 को उन्होंने तत्कालीन डीएम से भी गुहार लगाई थी। डीएम के निर्देश पर कमेटी बनी थी, आज तक कमेटी की रिपोर्ट नहीं आई। उनका कहना है कि उन्हें परेशान किया जा रहा है। वह अफसरों के चक्कर काट रहे हैं। 

साहब...बिल माफ करवा दीजिए, मेरी दो बेटियां हैं
साहब...मेरा एक लाख 12 हजार बिजली का बकाया बिल माफ करवा दीजिए। मेरी दो बेटियां हैं। उनकी शिक्षा व रोजगार की व्यवस्था हो जाए तो बढि़या हो जाता। ये बातें सैदपुर के मुरादचक के दुकानदार सुरेंद्र कश्यप की पत्नी शांति देवी ने बृहस्पतिवार को एमएलसी विशाल सिंह चंचल के सामने हाथ जोड़कर कहीं। इसके बाद वह फफककर रोने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने उनको संभाला। इधर, एमएलसी ने दो लाख रुपये का चेक पीड़ित परिवार को दिया। 

उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। मृतक के छोटे पुत्र शुभम कश्यप ने कहा कि प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इस बात से संतोष है लेकिन दोनों बहनों को लेकर मां चिंतित हैं। अंजलि बीए कर चुकी हैं और आंचल बी फार्मा कर रही है। सैदपुर एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि शासन-प्रशासन की तरफ से जो भी सहायता हो सकेगी, परिवार को दी जाएगी। बिजली बिल माफ किए जाने का प्रार्थना-पत्र भेज दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed